मुजफ्फरनगर।कांवड़ यात्रा 2025 को सफलतापूर्वक और शांतिपूर्वक सम्पन्न कराने के लिए मुजफ्फरनगर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह से तत्पर है। इसी क्रम में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने थानाक्षेत्र मीरापुर में स्थापित कांवड़ शिविरों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने शिविर में ठहरे शिवभक्तों से बातचीत कर उनकी सुविधाओं का जायजा लिया और उन्हें जलपान भी वितरित किया।कांवड़ मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन बेहद सजग है। पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है, वहीं वरिष्ठ अधिकारी स्वयं दिन और रात में लगातार भ्रमणशील रहकर ड्यूटी प्वाइंट्स और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण कर रहे हैं। प्रशासन का यह प्रयास है कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और यात्रा पूरी तरह से सुरक्षित व व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हो।निरीक्षण के दौरान शिविर संचालकों को भी निर्देशित किया गया कि जलपान, पेयजल और विश्राम की व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित रहें। शिविरों में साफ-सफाई, स्वास्थ्य सेवाएं और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराए जाने की बात भी कही गई। अधिकारियों की मौजूदगी से शिवभक्तों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।सेवा भाव और संवेदनशीलता के साथ काम कर रही मुजफ्फरनगर पुलिस की कार्यशैली को श्रद्धालुओं ने सराहा और खुले दिल से पुलिस-प्रशासन को धन्यवाद दिया। खासकर यातायात व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध और त्वरित सहायता की उपलब्धता को लेकर पुलिस की कार्यकुशलता की भरपूर प्रशंसा की गई।मुजफ्फरनगर पुलिस न केवल कानून व्यवस्था को बनाए रखने में सतर्क है, बल्कि वह सेवा भाव से भी अपनी जिम्मेदारियों को निभा रही है। कांवड़ यात्रा जैसे विशाल धार्मिक आयोजन में यह समर्पण श्रद्धालुओं के लिए एक सकारात्मक अनुभव बन रहा है। कांवड़ियों को निर्बाध यात्रा और सुकून भरा वातावरण मिल रहा है, जिसमें पुलिस और प्रशासन की अहम भूमिका है।















