मुख्यमंत्री योगी ने किया कांवड़ मार्ग का हवाई निरीक्षण, मंत्री कपिल देव ने संभाली ज़मीनी व्यवस्था

मुजफ्फरनगर।कांवड़ यात्रा के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुज़फ्फरनगर जनपद के कांवड़ मार्गों का हेलीकॉप्टर से हवाई निरीक्षण कर श्रद्धालुओं पर पुष्प वर्षा की। उन्होंने हवाई सर्वेक्षण के माध्यम से पूरे मार्ग में कांवड़ियों की आवाजाही, सुरक्षा व्यवस्था और सुविधाओं की व्यापक समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए हर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार इस यात्रा को सफल और सुरक्षित बनाने के लिए पूर्ण रूप से संकल्पबद्ध है।योगी आदित्यनाथ ने अपने बयान में कहा, “यह सिर्फ एक यात्रा नहीं है, बल्कि हमारी सांस्कृतिक आस्था और धार्मिक भावना का उत्सव है। हर श्रद्धालु की सेवा हमारे लिए पुण्य का कार्य है।” उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार की प्राथमिकता यात्रा को दिव्य और भव्य स्वरूप देना है, जिससे श्रद्धालुओं को शांति, सुरक्षा और सुविधा का अनुभव हो।मुख्यमंत्री के निरीक्षण से पहले प्रदेश सरकार में स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल ने स्वयं मुज़फ्फरनगर में कांवड़ नियंत्रण कक्ष, प्रमुख शिविर स्थलों और पैदल कांवड़ मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से व्यवस्थाओं की विस्तार से जानकारी ली और निर्देश दिए कि किसी भी स्तर पर लापरवाही न हो। उन्होंने कहा कि लाखों कांवड़िए हरिद्वार से गंगाजल लेकर मुज़फ्फरनगर होते हुए गुजरते हैं, ऐसे में उनका स्वागत, सेवा और सुरक्षा हमारा दायित्व है।कपिल देव ने बताया कि जलपान, चिकित्सा, स्वच्छता, सुरक्षा और ट्रैफिक नियंत्रण की व्यवस्थाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया गया है। उन्होंने कहा कि कांवड़ सेवा शिविरों में भोजन, जल, प्राथमिक उपचार और विश्राम की समुचित व्यवस्था की गई है। पुलिस, प्रशासन, नगर निकाय, स्वास्थ्य विभाग और स्वयंसेवी संस्थाएं आपसी समन्वय से कार्य कर रही हैं।इसके अलावा जिला प्रशासन द्वारा सीसीटीवी, ड्रोन निगरानी, मोबाइल मेडिकल यूनिट्स, पीने के पानी के स्टॉल, मोबाइल टॉयलेट्स और रूट डायवर्जन जैसी व्यवस्थाएं भी सक्रिय रूप से लागू की गई हैं, जिससे यात्रा पूरी तरह सुचारु और सुरक्षित बनी रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts