मुजफ्फरनगर के खालापार थाना क्षेत्र में पुलिस ने झाड़फूंक और तांत्रिक क्रियाओं की आड़ में ठगी करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश करते हुए मास्टरमाइंड महिला सहित तीन शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। यह गिरोह धार्मिक अंधविश्वास का फायदा उठाकर भोली-भाली जनता को निशाना बनाता था और उनके कीमती आभूषणों पर हाथ साफ कर देता था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए जेवर, एक वैगनआर कार, मोबाइल फोन और हजारों की संख्या में छपवाए गए विजिटिंग कार्ड भी बरामद किए हैं। पकड़े गए आरोपियों की पहचान आबिद निवासी गाजियाबाद, असलम उर्फ यूसुफ निवासी बागपत और नगीना निवासी लोनी, गाजियाबाद के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे बेहद सुनियोजित तरीके से ठगी की वारदातों को अंजाम देते थे। गिरोह के सदस्य अलग-अलग शहरों में जाकर हजारों विजिटिंग कार्ड बांटते थे, जिन पर झाड़फूंक और समस्या समाधान के दावे किए जाते थे। जब कोई व्यक्ति अपनी परेशानी लेकर उनसे संपर्क करता, तो आरोपी उसके घर पहुंचते और तांत्रिक क्रिया के नाम पर विश्वास में लेकर ठगी की योजना को अंजाम देते थे।
झाड़फूंक की प्रक्रिया के दौरान आरोपी पीड़ित से उसके आभूषण एक पोटली में रखने को कहते थे और मौके का फायदा उठाकर असली जेवरों वाली पोटली को नकली पोटली से बदल देते थे। पीड़ित को इस धोखाधड़ी का पता तब चलता जब आरोपी मौके से फरार हो चुके होते थे। इस पूरे मामले का खुलासा 16 अप्रैल को तब हुआ, जब खालापार क्षेत्र में एक महिला ने इसी तरह की वारदात को अंजाम दिया। पीड़ित की शिकायत के बाद पुलिस हरकत में आई और एसपी सिटी अमृत जैन व एएसपी सिटी सिद्धार्थ के. मिश्रा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान कर 23 अप्रैल को घेराबंदी कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
थाना प्रभारी बबलू कुमार के अनुसार आरोपियों के पास से पीली धातु का एक कंगन, घटना में प्रयुक्त वैगनआर कार, तीन मोबाइल फोन और करीब 4750 विजिटिंग कार्ड बरामद किए गए हैं। पुलिस अब इस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आरोपियों ने किन-किन शहरों में इस तरह की वारदातों को अंजाम दिया है। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे इस तरह के झाड़फूंक और तांत्रिक दावों से सावधान रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें।















