मुजफ्फरनगर जिला पंचायत ने अपनाई बचत और स्वदेशी की राह,

मुजफ्फरनगर जिला पंचायत सभागार में जिला पंचायत अध्यक्ष डा. वीरपाल निर्वाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिला पंचायत सदस्यों, अधिकारियों और ठेकेदारों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए बचत और आत्मनिर्भरता संबंधी आह्वान के प्रति पूर्ण समर्थन और समर्पण व्यक्त किया। बैठक में देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने और अनावश्यक खर्चों पर नियंत्रण रखने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णयों और सुझावों पर चर्चा की गई। डा. वीरपाल निर्वाल ने कहा कि वर्तमान वैश्विक संकट और आर्थिक चुनौतियों के दौर में प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है कि वह संसाधनों की बचत करे और देशहित में व्यवहारिक कदम उठाए। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत से जुड़े सभी सदस्य डीजल, पेट्रोल और गैस आधारित वाहनों के स्थान पर ई-वाहनों और सार्वजनिक परिवहन का अधिक उपयोग करने के लिए स्वयं तथा अपने परिवारों को प्रेरित करेंगे। साथ ही स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग को बढ़ावा देने, सोने जैसी महंगी वस्तुओं की अनावश्यक खरीदारी टालने और रासायनिक उर्वरकों का न्यूनतम प्रयोग कर जैविक खेती को प्रोत्साहित करने का भी संकल्प लिया गया।

बैठक के दौरान डा. निर्वाल ने कहा कि अधिकांश अवसरों पर टू-व्हीलर, ई-रिक्शा और सार्वजनिक वाहनों का उपयोग किया जाएगा तथा यदि कार से यात्रा करना आवश्यक हो तो सामूहिक रूप से यात्रा कर ईंधन की बचत की जाएगी। उन्होंने स्वयं उदाहरण प्रस्तुत करते हुए एक माह तक अपना सरकारी वाहन छोड़ने की घोषणा की और आज अपने सरकारी आवास से सुरक्षा कर्मियों सहित ई-रिक्शा से जिला पंचायत कार्यालय पहुंचे। उनके इस कदम की उपस्थित लोगों ने सराहना की और इसे जनप्रतिनिधियों के लिए प्रेरणादायक बताया। जिला पंचायत के मुख्य अपर अधिकारी योगेश कुमार ने भी कर्मचारियों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने सरकारी आवास से पैदल कार्यालय आने का प्रयास करें तथा स्थानीय आवागमन के लिए कम खर्च और पर्यावरण अनुकूल वाहनों का उपयोग करें। बैठक में जिला पंचायत सदस्य डा. विपिन त्यागी, अमित रावल, मनोज लोहड्डा, राहुल ठाकुर, वीरेंद्र उर्फ बिल्लू, रजत चौधरी, प्रवीण टेलर, रिहान त्यागी, तरुणपाल, गोविंद और प्रमोद कश्यप सहित जिला पंचायत के अधिकारी, कर्मचारी और ठेकेदार बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts