मुजफ्फरनगर। सावन मास की पावन कांवड़ यात्रा के दौरान नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने शिव चौक सहित पूरे कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर सफाई, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, चिकित्सा सहायता, कंट्रोल रूम और अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और सभी व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित रहें। उन्होंने कहा कि नगर पालिका कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित बनाने के लिए पूरी तत्परता से कार्य कर रही है।
निरीक्षण के दौरान शिव चौक पर सांप्रदायिक सौहार्द की मिसाल देखने को मिली। संभल निवासी तमन्ना मलिक अपने पति अमन त्यागी और बहन अनीसा बानो के साथ बुर्का पहनकर गंगाजल लेकर कांवड़ यात्रा में शामिल हुईं। मीनाक्षी स्वरूप ने दोनों महिलाओं का पुष्पमालाओं से स्वागत कर उनके इस कदम की सराहना की। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल भगवान शिव के प्रति आस्था का पर्व नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, भाईचारे और गंगा-जमुनी तहजीब का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सभी धर्मों और समुदायों की भागीदारी देश की एकता और आपसी विश्वास को मजबूत करती है। मुस्लिम बहनों की यह पहल समाज में प्रेम, सद्भाव और पारस्परिक सम्मान का प्रेरणादायक संदेश देती है।























































