मुजफ्फरनगर में युवक की हत्या का खुलासा, मुठभेड़ के बाद तीन आरोपी गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर जनपद के थाना शाहपुर क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई अपर पुलिस महानिदेशक मेरठ जोन और पुलिस उपमहानिरीक्षक सहारनपुर परिक्षेत्र के निर्देशन में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण में की गई। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण अक्षय संजय महाडीक, क्षेत्राधिकारी बुढ़ाना गजेन्द्र पाल सिंह और थानाध्यक्ष शाहपुर गजेन्द्र सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने इस पूरे मामले का सफल खुलासा किया।

घटना उस समय सामने आई जब थाना शाहपुर पुलिस को सूचना मिली कि ग्राम हरसौली स्थित एक ट्यूबवैल पर एक अज्ञात युवक का शव पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान कराने का प्रयास किया। जांच के दौरान मृतक की पहचान राजा उर्फ अरुण पुत्र सोमपाल निवासी ऊन पट्टी लाखिया थाना झिंझाना, शामली के रूप में हुई। पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों की तहरीर के आधार पर तीन आरोपियों राजीव उर्फ राजू, सोहनवीर उर्फ पिंटू और विकास के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर के माध्यम से सूचना मिली कि हत्या में शामिल आरोपी सांझक गांव के एक आम के बाग में छिपे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपियों को आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी।

खुद को घिरता देख आरोपियों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस टीम बाल-बाल बच गई। जवाब में पुलिस ने आत्मरक्षा के तहत नियंत्रित फायरिंग की, जिसमें दो आरोपी घायल हो गए। पुलिस ने मौके से दोनों घायलों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि तीसरे आरोपी को बाद में कांबिंग के दौरान पकड़ा गया।

घायल आरोपियों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध हथियार भी बरामद किए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts