मुजफ्फरनगर। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर नगर पालिका परिषद मुजफ्फरनगर द्वारा ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप और ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह के नेतृत्व में यह यात्रा टाउनहाल परिसर से शुरू होकर शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई शिव चौक पर संपन्न हुई। इस अवसर पर नगर पालिका के सभासद, अधिकारी, भाजपा पदाधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने कहा कि तिरंगा केवल एक ध्वज नहीं, बल्कि यह हमारी स्वतंत्रता, बलिदान और गौरव का प्रतीक है। उन्होंने लोगों से अपील की कि स्वतंत्रता दिवस पर हर घर पर तिरंगा अवश्य फहराएं और आने वाली पीढ़ी को इसके महत्व से अवगत कराएं। उन्होंने बताया कि पालिका प्रशासन की ओर से शहर के सभी 55 वार्डों में वार्ड सभासदों के माध्यम से राष्ट्रीय ध्वज वितरित किए गए हैं, ताकि लोग अपने घरों और प्रतिष्ठानों पर इन्हें फहरा सकें।
यात्रा के दौरान देशभक्ति के नारों से वातावरण राष्ट्रवाद की भावना से गूंज उठा। शहरवासियों ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर और स्वागत कर तिरंगा यात्रा का गर्मजोशी से अभिनंदन किया। इस आयोजन ने स्वतंत्रता दिवस के उत्साह में नई ऊर्जा और गरिमा का संचार किया।
तिरंगा यात्रा में प्रमुख रूप से सभासद कुसुम लता पाल, ममता बालियान, बबीता उर्फ बॉबी सिंह, मनोज वर्मा, अमित पटपटिया, प्रशांत गौतम, नवनीत गुप्ता, मोहम्मद खालिद, मोहम्मद शहजाद, हसीब राणा और मनी पटपटिया शामिल रहे। इनके अलावा ईओ डॉ. प्रज्ञा सिंह, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अजय प्रताप शाही, सहायक अभियंता निर्माण नैपाल सिंह, जेई जलकल जितेंद्र कुमार, लिपिक प्रवीण कुमार, मैनपाल सिंह, कैलाश नारायण, रूचि शर्मा, संजीव सिंघल समेत अन्य कर्मचारी भी मौजूद रहे। नगर पालिका की यह तिरंगा यात्रा शहरवासियों में देशभक्ति का संदेश फैलाने और ‘हर घर तिरंगा’ अभियान को सफल बनाने में एक अहम कदम साबित हुई।















