मुजफ्फरनगर। वामा सारथी, उत्तर प्रदेश पुलिस फैमिली वैलफेयर एसोसिएशन के तत्वावधान में रिज़र्व पुलिस लाइन, मुजफ्फरनगर स्थित बहुउद्देशीय हॉल में पुलिस मॉडर्न स्कूल के छात्र-छात्राओं के बीच विभिन्न सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पुलिस परिवार के बच्चों में रचनात्मकता, देशभक्ति और आत्मविश्वास को बढ़ावा देना था। आयोजन में मुख्य अतिथि के रूप में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर की धर्मपत्नी डॉ. नीलम राय मौजूद रहीं। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक अपराध इन्दु सिद्धार्थ, पुलिस अधीक्षक यातायात की धर्मपत्नी निवेदिता, क्षेत्राधिकारी नई मंडी की धर्मपत्नी अर्पिता, क्षेत्राधिकारी फुगाना रूपाली राय, क्षेत्राधिकारी कार्यालय ऋषिका सिंह, प्रतिसार निरीक्षक ऊदल सिंह, पुलिस मॉडर्न स्कूल की प्रधानाचार्या सुधा शर्मा, अन्य शिक्षिकाएं, पुलिस परिवार की महिलाएं और अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
आयोजन के तहत बच्चों के बीच फैंसी ड्रेस, फ्लैग मेकिंग, पेंटिंग, कविता वाचन सहित कई आकर्षक गतिविधियां आयोजित की गईं। फैंसी ड्रेस प्रतियोगिता में छोटे बच्चों ने राधा-कृष्ण, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, राष्ट्रीय प्रतीकों और सामाजिक संदेश देने वाले पात्रों का रूप धारण कर सभी का मन मोह लिया। वहीं, फ्लैग मेकिंग और पेंटिंग प्रतियोगिताओं में बच्चों ने रंगों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम, एकता और सामाजिक जागरूकता का सशक्त संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि डॉ. नीलम राय ने सभी प्रतिभागियों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया और विजेताओं को प्रशस्ति-पत्र व पुरस्कार प्रदान किए। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं बच्चों की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उनमें सामाजिक सरोकार और सकारात्मक सोच का विकास करती हैं। उन्होंने पुलिस परिवार के बच्चों को आगे बढ़ने और अपनी प्रतिभा को पहचानने के लिए प्रोत्साहित किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान बच्चों की उत्साही भागीदारी और अभिभावकों का सहयोग देखने योग्य रहा, जिसने आयोजन को सफल और यादगार बना दिया।















