मुजफ्फरनगर। नगरपालिका परिषद की अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप ने सोमवार सुबह मेरठ रोड स्थित कम्पनी गार्डन (कमला नेहरू वाटिका) का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पार्क की सफाई, पौधों की देखरेख, मनोरंजन पार्क और ओपन जिम की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने गार्डन में तैनात कर्मचारियों की उपस्थिति भी चेक की, जो सभी उपस्थित मिले।
मीनाक्षी स्वरूप ने गार्डन में सफाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अतुल कुमार, मुख्य सफाई निरीक्षक योगेश कुमार गोलियान और सफाई निरीक्षक प्लाक्षा मैनवाल के बीच कार्य विभाजन करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने वाटिका प्रभारी को विशेष जिम्मेदारी सौंपते हुए कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर पालिकाध्यक्ष ने गार्डन में नगरोदय योजना और पालिका बोर्ड फंड से प्रस्तावित कार्यों पर भी चर्चा की। मुख्य चारदीवारी के निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी ली और जल्द से जल्द कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विश्व पर्यावरण दिवस पर लगाए गए पौधों की नियमित देखरेख के लिए मालियों को निर्देशित किया।
मीनाक्षी स्वरूप ने मार्निंग वॉक पर आए नागरिकों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और उनके सुझावों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को समाधान के निर्देश दिए। लोगों द्वारा पार्क में एक शेड निर्माण की मांग पर भी उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के लिए कहा।
निरीक्षण के दौरान सभासद मनोज वर्मा, मोहित मलिक, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अतुल कुमार, सीएसआई योगेश कुमार, एसआई प्लाक्षा मैनवाल, वाटिका सुपरवाइजर दुष्यंत कुमार व लिपिक मनोज पाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।















