सहारनपुर शहर के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति पैदा हो गई। हालात को गंभीर होता देख नगर निगम की टीमें रविवार सुबह 5 बजे से ही जल निकासी के कार्य में जुट गईं। नगरायुक्त शिपू गिरि के निर्देश पर निगम कर्मचारियों ने सक्शन मशीनों और मढ़ पंपों के जरिए जल निकालना शुरू किया। पिंजौरा के पास ढमोला नदी में जलकुंभी जमा हो जाने से जल प्रवाह बाधित हो गया था, जिसे मशीनों की मदद से साफ कर निरंतर प्रवाह सुनिश्चित किया गया।
इधर, महापौर डॉ. अजय कुमार ने नगर विधायक राजीव गुंबर के साथ साकेत कॉलोनी, संत नगर और सेतिया विहार सहित अन्य प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। संत नगर में एक नाले की क्षतिग्रस्त दीवार को देखकर तुरंत मरम्मत के निर्देश दिए गए। महापौर ने बताया कि नगर निगम की टीमें पूरी तत्परता से जल निकासी में लगी हुई हैं और किसी भी क्षेत्र में जलभराव की स्थिति न बने, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इस निरीक्षण में नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रवीण शाह, अधिशासी अभियंता आलोक श्रीवास्तव, पार्षद अमित त्यागी, के के बत्रा, मयंक गर्ग और मंडल अध्यक्ष गोपाल मेहंदीरा भी मौजूद रहे।















