जालोर-सिरोही के सांसद लुम्बाराम चौधरी ने जालोर प्रवास के दौरान आहोर क्षेत्र के विभिन्न गांवों का दौरा किया और भारतीय सेना व अर्द्धसैनिक बलों में कार्यरत जवानों के परिवारों से मुलाकात की। यह भेंट भारत-पाक सीमा पर बढ़े तनाव और सुरक्षा स्थिति के संदर्भ में महत्वपूर्ण थी, जहां हमारे जवान मातृभूमि की रक्षा में लगे हुए हैं।
सांसद ने आहोर गांव में विभिन्न सैनिक परिवारों से मुलाकात की, जिनमें भारतीय सेना और अर्द्धसैनिक बलों में सेवा दे रहे जवानों के परिजन शामिल थे। इस दौरान चौधरी ने परिवारों के त्याग और धैर्य की सराहना की और उन्हें धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, “हमारे जवानों और उनके परिवारों की निष्ठा और बलिदान के लिए हम हमेशा आभारी रहेंगे।” सांसद ने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार पूरी तरह से सेनाओं के साथ खड़ी है और उनका मनोबल ऊंचा रखने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।















