शुकतीर्थ स्थित पांडवकालीन माता पार्वती मंदिर में मां बगलामुखी पीतांबरा जयंती महोत्सव श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर 81 फुट ऊंची मां बगलामुखी की प्रतिमा का श्रद्धालुओं ने विधिविधान से चरणाभिषेक किया। समारोह में हवन, यज्ञ और विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें साधु-संतों और ब्राह्मणों को ससम्मान भोजन कराया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्यमंत्री कपिल देव अग्रवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष डा. वीरपाल निर्वाल, क्षेत्रीय भाजपा नेता, अधिकारी और समाजसेवी उपस्थित रहे। पंडित तुषार और पंडित अंशवीर ने पूजा-अर्चना कराई। काशी से आए स्वामी ज्ञानेश्वरानंद तीर्थ महाराज ने धर्म संगति का महत्व बताया, वहीं डा. अयोध्या प्रसाद मिश्र महाराज ने मां बगलामुखी की उपासना से प्राप्त होने वाली सिद्धियों की चर्चा की। चित्रकूट की कथा वाचिका कुमारी भक्ति त्रिपाठी का सम्मान भी किया गया। पूरे आयोजन में भक्ति, श्रद्धा और अध्यात्म का अनूठा संगम देखने को मिला। दूर-दराज से आए श्रद्धालुओं ने मां की आराधना कर मनोकामनाएं पूर्ण होने की कामना की।















