खतौली में विधायक मदन भैया ने किया पीएनजी गैस सप्लाई का शुभारंभ,

मुजफ्फरनगर। खतौली विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देते हुए विधायक मदन भैया ने दयालपुरम कॉलोनी में इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (आईजीएल) द्वारा बिछाई गई भूमिगत पीएनजी (पाइप्ड नेचुरल गैस) सप्लाई लाइन का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि खतौली विधानसभा क्षेत्र का समग्र विकास उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और उनके कार्यकाल में क्षेत्र का कोई भी हिस्सा विकास कार्यों से वंचित नहीं रहेगा। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं और विकास परियोजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनका उद्देश्य है। साथ ही उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं और आवश्यकताओं से उन्हें सीधे अवगत कराएं, ताकि संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर उनका त्वरित और प्रभावी समाधान कराया जा सके।

कार्यक्रम के दौरान मंत्रोच्चारण के बीच फीता काटकर पीएनजी पाइपलाइन का शुभारंभ किया गया। विधायक ने कहा कि आईजीएल द्वारा खतौली नगर में पीएनजी गैस नेटवर्क का विस्तार तेजी से किया जा रहा है और जल्द ही पूरे कस्बे को इस सुविधा से जोड़ दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस व्यवस्था के लागू होने से लोगों को एलपीजी सिलेंडर की बुकिंग, आपूर्ति और उसके खत्म होने की चिंता से मुक्ति मिलेगी। उपभोक्ताओं को सीधे घरों तक सुरक्षित, किफायती और चौबीसों घंटे गैस की उपलब्धता सुनिश्चित होगी, जिससे जीवन और अधिक सुविधाजनक बनेगा।

पीएनजी परियोजना के उद्घाटन के बाद विधायक मदन भैया ग्राम नावला पहुंचे, जहां उन्होंने क्षेत्रीय विकास से जुड़ी दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं का शिलान्यास किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के माध्यम से ग्राम नावला से देवस्थान तक लगभग दो किलोमीटर लंबे संपर्क मार्ग के निर्माण कार्य का शुभारंभ किया। करीब 119.95 लाख रुपये की लागत से बनने वाला यह मार्ग ग्रामीणों की आवाजाही को सुगम बनाएगा तथा क्षेत्र के विकास को नई दिशा देगा। इसके अलावा पर्यटन विभाग की ओर से ग्राम नावला स्थित प्रसिद्ध देवस्थान परिसर में 77.86 लाख रुपये की लागत से बनने वाले बहुउद्देशीय भवन का भी शिलान्यास किया गया। इस भवन के निर्माण से धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक कार्यक्रमों के आयोजन के लिए स्थानीय लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, जनप्रतिनिधि, आईजीएल कंपनी के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। उपस्थित लोगों ने क्षेत्र में लगातार हो रहे विकास कार्यों के लिए विधायक का आभार व्यक्त किया और भविष्य में भी इसी तरह विकास योजनाओं के क्रियान्वयन की उम्मीद जताई।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts