मुजफ्फरनगर में उत्तर प्रदेश सरकार की सेवा, सुरक्षा और सुशासन की नीति के आठ वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित त्रिदिवसीय मेले का समापन हो गया। मेले के अंतिम दिन नुमाइश मैदान में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में व्यावसायिक शिक्षा, कौशल विकास और उद्यमशीलता विभाग के राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार कपिल देव अग्रवाल ने दीप प्रज्वलित कर मेले की शुरुआत की।
मेले में कुंभ मेले की डॉक्यूमेंट्री फिल्म का प्रदर्शन किया गया, साथ ही मुजफ्फरनगर विकास प्राधिकरण की उपलब्धियों और मास्टर प्लान को भी प्रस्तुत किया गया। मंत्री ने इन प्रस्तुतियों को अन्य जनप्रतिनिधियों और गणमान्य व्यक्तियों के साथ देखा।
अपने संबोधन में मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार की सेवा, सुरक्षा और सुशासन की नीति को जन-जन तक पहुंचाने के लिए इस प्रकार के मेलों का आयोजन महत्वपूर्ण है। उन्होंने जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि मेले में विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी, स्टॉल, फूड कोर्ट, आरोग्य मेला, ऋण वितरण, सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शानदार आयोजन किया गया है।
उन्होंने कहा कि 2017 के बाद से सरकार आम जनता को सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रही है। उत्तर प्रदेश और विशेष रूप से मुजफ्फरनगर में कृषि, विद्युत, सड़क, ओवरब्रिज, पेयजल, शिक्षा, कानून व्यवस्था, और उद्योगों के क्षेत्र में समग्र विकास हुआ है। इस मेले के माध्यम से नागरिकों को सरकारी योजनाओं की जानकारी दी गई, जिससे वे उनका लाभ उठा सकें।
कार्यक्रम के दौरान राजस्व विभाग, श्रम विभाग, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं के पात्र लाभार्थियों को स्वीकृति पत्र और प्रमाण पत्र वितरित किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना, वृद्धावस्था पेंशन, छात्रवृत्ति योजना, कन्या विवाह सहायता योजना जैसी कई योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र सौंपे गए।
इस अवसर पर विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं और लखनऊ टीम द्वारा नृत्य, गायन और भजन समेत सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। मंत्री, जनप्रतिनिधियों और उपस्थित अधिकारियों ने कार्यक्रमों की सराहना करते हुए कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष वीरपाल निर्वाल, जिला अध्यक्ष सुधीर सैनी, पूर्व विधायक अशोक कंसल, पूर्व विधायक विक्रम सैनी, नगर पालिका परिषद अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप, जिलाधिकारी उमेश मिश्रा, पुलिस उपमहानिरीक्षक एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह, मुख्य विकास अधिकारी संदीप भागीया समेत कई अधिकारी और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन बाल कल्याण समिति के सदस्य राजीव कुमार और स्काउट गाइड के भारत भूषण द्वारा किया गया।















