मुजफ्फरनगर, गुडविल सोसायटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में आगामी 9 मार्च को एस.डी. पब्लिक स्कूल (जूनियर विंग), निकट बस स्टैंड के परिसर में पुष्प प्रदर्शनी आयोजित करने का निर्णय लिया गया। इस प्रदर्शनी में नगर एवं जनपद के विभिन्न पुष्प प्रेमी, वाटिका कार्यकर्ता तथा प्राकृतिक सौंदर्य को संजोने वाले समूह के लोग विभिन्न प्रजातियों के पुष्प, गमले एवं पौधों के साथ प्रतिभाग करेंगे।
गुडविल सोसायटी प्रतिवर्ष प्राकृतिक संरक्षण एवं संवर्धन को बढ़ावा देने तथा मानव मात्र को प्रकृति से जोड़ने के उद्देश्य से इस पुष्प प्रदर्शनी का आयोजन करती है, जिसमें अनेक गणमान्यजन भाग लेते हैं। इस वर्ष के कार्यक्रम के मुख्य अतिथि राज्य मंत्री कपिल देव अग्रवाल होंगे, जबकि नगर पालिका अध्यक्ष मीनाक्षी स्वरूप एवं पूर्व मुख्य सचिव उत्तर प्रदेश सरकार योगेंद्र नारायण माथुर, जो गुडविल सोसायटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं, विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
इस संबंध में जानकारी गुडविल सोसायटी के अध्यक्ष सुरेंद्र अग्रवाल, सचिव होती लाल शर्मा एवं प्रो. अशोक जैन ने संयुक्त विज्ञप्ति के माध्यम से दी। बैठक में प्रमोद मित्तल, लोकेश चंद्रा, मुनेश सिंघल, बी.एम. गुप्ता, एल.के. मित्तल, राजेंद्र साहनी, मुकेश लाल (एडवोकेट), एस.पी. कुछल, मुकेश अरोरा सहित कई गणमान्यजन उपस्थित रहे।















