श्रीराम कॉलेज रोड निर्माण में देरी पर मंत्री कपिल देव अग्रवाल का अल्टीमेटम,

मुजफ्फरनगर। शहर के महत्वपूर्ण सर्कुलर रोड से कॉलेज मार्ग तक प्रस्तावित सड़क निर्माण कार्य में लगातार हो रही देरी को लेकर नगर विधायक एवं प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) कपिल देव अग्रवाल ने कड़ा रुख अपनाया है। शनिवार को उन्होंने निर्माण स्थल का निरीक्षण कर संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर कार्य प्रगति की जानकारी ली और लापरवाही पर नाराजगी जताई। निरीक्षण के दौरान जल निगम, नगर पालिका परिषद तथा अन्य विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि सड़क निर्माण और जल निकासी व्यवस्था का कार्य बिना किसी देरी के शुरू किया जाए।

मंत्री कपिल देव अग्रवाल ने कहा कि इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों लोग आवागमन करते हैं, लेकिन खराब सड़क, जलभराव और गंदगी के कारण स्थानीय निवासियों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि पूर्व में आयोजित बैठक में संबंधित विभागों को सड़क निर्माण से पहले स्थायी और तकनीकी रूप से मजबूत जल निकासी व्यवस्था तैयार करने के निर्देश दिए गए थे ताकि भविष्य में जलभराव की समस्या न रहे। इसके बावजूद विभागीय स्तर पर अपेक्षित गति से कार्य नहीं हुआ, जिससे सड़क निर्माण अब तक शुरू नहीं हो सका।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विभाग आपसी समन्वय स्थापित करते हुए जल निकासी और सड़क निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर शुरू करें तथा निर्धारित समय सीमा में पूरा करें। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य की गुणवत्ता के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा और ऐसा कार्य कराया जाएगा जिससे आने वाले वर्षों तक क्षेत्रवासियों को राहत मिल सके।

मंत्री ने चेतावनी दी कि यदि अब भी कार्य में अनावश्यक विलंब या लापरवाही बरती गई तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ उच्च स्तर पर कार्रवाई की संस्तुति की जाएगी। उन्होंने कहा कि जनता को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और विकास कार्यों में किसी प्रकार की बाधा स्वीकार नहीं की जाएगी।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts