नेम प्लेट विवाद के बीच मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र मीनाक्षी चौक पर दिया एकता का संदेश।

भास्कर न्यूज़ उत्तर प्रदेश उत्तराखंड

मुजफ्फरनगर। कांवड़ यात्रा के चलते इस साल सावन मास की कांवड़ यात्रा के दौरान कांवड़ मार्ग पर,नाम की सियासत के कारण खड़े हुए विवाद के बीच ही प्रमुख समाजसेवी मनीष चौधरी ने, मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के पदाधिकारी फैजुलरहमान के साथ मिलकर सामाजिक गठजोड़ को मजबूत बनाने के लिए एक सराहनीय पहल करते हुए मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र खालापार मीनाक्षी चौक पर सावन के दूसरे सोमवार को शिव भक्त कांवड़ियों को फलाहार और पेयजल वितरित कर सामाजिक सद्भाव और एकता का प्रेरक संदेश दिया।

यहां पर मुस्लिमों ने प्रमुख समाजसेवी मनीष चौधरी के साथ मिलकर शिव भक्तों की सेवा करते हुए उनको दिल खोलकर स्वागत और अभिनंदन किया। इसके लिए कांवड़ियों ने भी इस सेवा के प्रति सभी का आभार जताते हुए इस सामाजिक सद्भाव की सराहना की। मीनाक्षी चौक पर मुस्लिम भाईयों के साथ मिलकर फलाहार और पेयजल वितरण कार्यक्रम के उपरांत प्रमुख समाजसेवी मनीष चौधरी ने मीडिया कर्मियों से बातचीत के दौरान कहा कि इस समय सावन मास की कांवड़ यात्रा चल रही है। ऐसे में शिव भक्तों की सेवा के लिए सभी वर्ग के लोग जुटे हुए हैं। मीनाक्षी चौक खालापार मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्र माना जाता है। आज यहां पर शिव भक्तों को पेयजल और फलाहार वितरित करने के लिए मुस्लिम भाइयों ने अपना सहयोग दिया। यहां मुस्लिमों के द्वारा शिव भक्तों का स्वागत और उनको खाद्य सामग्री वितरित कर सहयोग देने का कार्य उन लोगों के मुंह पर तमाचा है, जो लोग नाम की राजनीति कर माहौल खराब करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुजफ्फरनगर जनपद का इतिहास मौहब्बत भरा रहा है। यहां पर सभी ने मिलकर साम्प्रदायिक सौहार्द्र कायम किया है। नाम की सियासत कर, भ्रम फैलाकर समाज को बांटने का काम किया जा रहा है, लेकिन ऐसे लोगों को सुप्रीम कोर्ट ने करार जवाब दिया है। हमारी यही कामना है कि यह कांवड़ यात्रा साम्प्रदायिक प्यार और आपसी मेल जोल को और प्रगाढ़ बनाते हुए सकुशल यहां से निकले। मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के प्रांत संयोजक डॉ. खुर्रम ने इस अवसर पर कहा कि हमारे देश की संस्कृति अनेकता में एकता की रही है। यह कांवड़ यात्रा सनातन धर्म को मानने वालों की तपस्या है। समाज में किसी भी तरह का भेदभाव या मतभेद नहीं है। आज हमने जल और फल वितरित किये, सभी कांवड़िया भाइयों ने खुशी खुशी हमसे बिना नाम और पहचान पूछे फल और जल लेकर आभार भी जताया। मैं एक चिकित्सक होने के नाते हर साल कांवड़ यात्रा में कांवड़िया भाइयों की सेवा करता हूं। मुस्लिम राष्ट्रीय मंच से जुड़े फैजुलरहमान ने कहा कि प्रमुख समाजसेवी मनीष चौधरी ने समाज को सद्भाव और राष्ट्रवाद की प्रेरणा देने के लिए अच्छी पहल की है। इस कांवड़ यात्रा के दौरान हम नाम की औछी सियासत के बीच मौहब्बत का पैगाम देने के लिए कांवड़िया भाइयों की सेवा में खड़े हुए हैं। इस दौरान सभी शिवभक्तों ने हमसे फल और जल लेकर खुशी जताई है। इस कार्यक्रम में भारत स्काउट एवं गाइड के भारत भूषण अरोरा और उनकी पूरी टीम के साथ ही भारत लोक सेवा पार्टी के केपी चौधरी, मुस्लिम राष्ट्रीय मंच के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ अन्य गणमान्य लोगों का पूर्ण सहयोग रहा।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts