मुजफ्फरनगर में कलाल महासभा (रजि.) द्वारा गांधी कॉलोनी, पचैंडा रोड स्थित बारात घर में “मेधावी छात्र–छात्रा सम्मान समारोह एवं परिचय सम्मेलन” का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ, जिसमें समाज के वरिष्ठ जनों और गणमान्य अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस अवसर पर मुख्य अतिथि ध्रुवपाल अहलूवालिया रहे, जो एक प्रतिष्ठित समाजसेवी के पुत्र हैं। उन्होंने अपने प्रेरणादायक वक्तव्य में विद्यार्थियों को शिक्षा को जीवन की सबसे बड़ी पूंजी मानते हुए देश और समाज के लिए कार्य करने की प्रेरणा दी।पूर्व मंत्री रामकुमार वालिया ने समाज के राजनैतिक सशक्तिकरण पर बल दिया और कहा कि अगर समाज को आगे बढ़ाना है तो राजनीति में भी प्रभावी भागीदारी जरूरी है। कार्यक्रम में कलाल महासभा के संस्थापक विजय कर्णवाल ने शिक्षा, संस्कार, एकता और प्रेरणा को समाज के विकास का आधार बताया। महासभा के महामंत्री ऋषिराज राही ने सभी आगंतुकों का आभार व्यक्त करते हुए मेधावी छात्रों को भविष्य का निर्माता बताया।
समारोह में बोर्ड परीक्षाओं, प्रतियोगी परीक्षाओं और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 25 मेधावी छात्र–छात्राओं को सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त युवाओं को सामाजिक रूप से जोड़ने के लिए परिचय सम्मेलन का भी आयोजन हुआ। कार्यक्रम का संचालन शैलेन्द्र कर्णवाल ने किया जबकि मीडिया समन्वय की जिम्मेदारी केतन कर्णवाल ने निभाई।समारोह में सहारनपुर, बिजनौर, दिल्ली, कोटद्वार और शामली सहित विभिन्न स्थानों से आए समाज के प्रमुख लोगों ने सहभागिता की। सभी अतिथियों को माला और पटका पहनाकर सम्मानित किया गया। इस आयोजन ने समाज में शिक्षा के साथ–साथ संगठन और सशक्तिकरण की भावना को भी मजबूती दी।















