मुजफ्फरनगर में विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की निर्वाचक नामावलियों के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण को लेकर जिला पंचायत सभागार (कलेक्ट्रेट) में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के अध्यक्षों और सचिवों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी प्रशासन संजय कुमार सिंह ने की। इस दौरान आयोग द्वारा जारी संशोधित कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी जनप्रतिनिधियों को दी गई। बताया गया कि आयोग के निर्देशानुसार दावे और आपत्तियां 6 मार्च 2026 तक जमा की जा सकती हैं, जबकि नोटिस चरण एवं दावों-आपत्तियों का निस्तारण 27 मार्च 2026 तक किया जाएगा। इसके उपरांत आयोग की अनुमति से निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन 10 अप्रैल 2026 को किया जाएगा। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि ऐसे सभी अर्ह नागरिक, जो 1 जनवरी 2026 को 18 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके हैं या उस तिथि तक 18 वर्ष के हो जाएंगे, वे अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करा सकते हैं। साथ ही नाम, पता, आयु या अन्य प्रविष्टियों में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर निर्धारित प्रारूप में आवेदन कर संशोधन कराया जा सकता है। अधिकारियों ने जानकारी दी कि जनपद में कुल 4,46,305 नोटिस जनरेट किए गए हैं,
जिनमें से 2,51,788 नोटिसों की सुनवाई पूरी कर ली गई है, जो कुल कार्य का 56.41 प्रतिशत है। बैठक में मौजूद जनप्रतिनिधियों ने सुझाव दिया कि बूथ लेवल अधिकारियों पर कार्यभार अधिक होने के कारण उनके सहयोग के लिए अतिरिक्त कार्मिक लगाए जाएं। इस पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने आश्वासन दिया कि आवश्यकतानुसार व्यवस्था पर विचार किया जाएगा। यह भी बताया गया कि जिन नागरिकों का नाम वर्ष 2003 की मतदाता सूची में दर्ज नहीं है, वे नोटिस प्राप्त होने पर आयोग द्वारा निर्धारित 13 वैकल्पिक अभिलेखों में से आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत कर सकते हैं। बैठक में कांग्रेस पार्टी, आम आदमी पार्टी, भारतीय जनता पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, समाजवादी पार्टी तथा कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी) के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर अपने सुझाव प्रस्तुत किए।
















