मीरापुर उपचुनाव के लिए प्रचार का शोर आज शाम को थम जाएगा, लेकिन इससे पहले राजनैतिक गर्मी अपने चरम पर है। इस रणभूमि में राष्ट्रीय लोक दल (आरएलडी) के मुखिया और केंद्रीय राज्य मंत्री जयंत चौधरी ने रोड शो किया और विपक्षी नेताओं अखिलेश यादव और राहुल गांधी पर तीखे हमले किए।जयंत चौधरी ने कांग्रेस नेताओं द्वारा नौ सीटों पर प्रचार से दूरी बनाने पर तंज कसते हुए कहा, “आप दुखती रग पर हाथ क्यों रख रहे हैं?” उन्होंने विपक्षी दलों के बीच समन्वय की कमी पर निशाना साधा और कहा कि दिल्ली से लेकर बंगाल तक इनका आपस में कोई तालमेल नहीं है। उन्होंने इसे गाली-गलौज और आपसी संघर्ष तक सीमित बताया और दावा किया कि विपक्षी दल देश के युवाओं और किसानों के लिए कुछ नहीं कर रहे।
केंद्रीय मंत्री ने एनडीए सरकार की योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले 25 सालों की सोच रखते हैं और एनडीए का समन्वय जमीन तक पहुंच गया है। उन्होंने राजा महेंद्र प्रताप के नाम पर बन रहे विश्वविद्यालय और चौधरी चरण सिंह को भारत रत्न देने का उदाहरण देकर एनडीए की उपलब्धियों को गिनाया।जयंत चौधरी ने मीरापुर में आरएलडी उम्मीदवार मिथलेश पाल को बेहतरीन बताते हुए कहा कि यह उपचुनाव क्षेत्र के लिए एक खास अवसर है। मुजफ्फरनगर का देशभर में महत्व है, और इस बार कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। मीरापुर में उनके रोड शो का जोरदार स्वागत हुआ, जिससे एनडीए समर्थकों में जोश का माहौल है।















