बाँदा में लाल सोने की लूट जारी, मरौली खदान सुर्खियों में

जनपद बाँदा में मरौली खदान खंड संख्या 5 अवैध खनन और माफियागीरी के लिए कुख्यात बनी हुई है। इस खदान से जुड़े बालू माफिया संजीव गुप्ता का नाम अक्सर सुर्खियों में रहता है। खनिज और राजस्व विभाग के कुछ अधिकारियों के संरक्षण के चलते संजीव गुप्ता का हौसला लगातार बढ़ता जा रहा है। प्रशासन ने कई बार इस खदान पर छापेमारी कर जुर्माना लगाया, लेकिन अवैध खनन का खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है।

हाल ही में एक महिला पत्रकार के साथ संजीव गुप्ता के गुर्गों द्वारा बदसलूकी की गई थी, जिसके बाद वह न्याय के लिए अधिकारियों के दरवाजे खटखटा रही है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के सख्त निर्देश हैं कि जलीय जीवों की रक्षा के लिए खदानों में भारी मशीनों का उपयोग नहीं किया जाएगा और ओवरलोड वाहन नहीं चलेंगे। बावजूद इसके, संजीव गुप्ता खुलेआम इन आदेशों की अवहेलना कर रहा है।

इस खदान में किसानों की जमीन से अवैध रूप से बालू निकालकर बेचने के भी आरोप लगे हैं। खनन अधिनियम और एनजीटी के नियमों की धज्जियां उड़ाते हुए सरकार के राजस्व को भारी नुकसान पहुंचाया जा रहा है। बीते दिनों खदान पर एक व्यक्ति की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई, जिसे ट्रक से कुचलकर मरना बताया गया। इस तरह की घटनाओं को अक्सर सड़क हादसे का रूप देकर दबा दिया जाता है।

अब बड़ा सवाल यह है कि प्रशासन कब मरौली खदान खंड संख्या 5 और संजीव गुप्ता पर ठोस कार्रवाई करेगा। मुख्यमंत्री की नीतियों का पालन होगा या फिर यह अवैध खनन यूँ ही जारी रहेगा, यह देखना बाकी है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts