राजस्थान अध्यापक पात्रता परीक्षा (रीट) का पहला दिन अलवर में आयोजित किया गया, जहां अभ्यर्थियों की भारी भीड़ देखने को मिली। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा जांच के बाद बायोमेट्रिक मशीन से प्रवेश दिया गया। हालांकि, परीक्षा केंद्रों पर तय समय से केवल कुछ सेकंड की देरी से पहुंचने वाले अभ्यर्थियों को अंदर नहीं जाने दिया गया, जिससे कई उम्मीदवार परीक्षा से वंचित रह गए। कुछ अभ्यर्थियों ने शिकायत की कि गूगल मैप के जरिए सही गेट तक पहुंचने में परेशानी हुई। उत्तर प्रदेश से आई अभ्यर्थी सपना ने भावुक होते हुए बताया कि वह चार साल से परीक्षा की तैयारी कर रही थी, लेकिन गलत गेट पर पहुंचने के कारण परीक्षा नहीं दे सकी। परीक्षा केंद्रों पर हेल्प डेस्क न होने से भी कई उम्मीदवारों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।















