मुजफ्फरनगर। फर्टिलाइजर निर्माताओं और कारोबारियों के बीच एक मशीन को लेकर हुए विवाद में राष्ट्रीय सामाजिक संस्था के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रमुख समाजसेवी मनीष चौधरी ने मध्यस्थता करते हुए आपसी समझौते के आधार पर मामला निपटाने का प्रयास किया। हालांकि, इसमें धोखाधड़ी के आरोप सामने आने के बाद उन्होंने पीड़ित को न्याय दिलाने के लिए उच्चाधिकारियों तक जाने और संघर्ष करने की चेतावनी दी।
मनीष चौधरी सामाजिक विवादों के समाधान के लिए लगातार प्रयास करते रहे हैं। उनके हस्तक्षेप से कई मामलों में समाधान हुआ और पीड़ितों को इंसाफ मिला। गुरुवार को उनके सामने एक ऐसा ही मामला आया, जो दो फर्टिलाइजर कारोबारियों के बीच विवाद से जुड़ा हुआ है। बिलासपुर में डॉल्फिन बायोटेक नाम से फर्टिलाइजर इकाई चलाने वाले प्रबंधक संजय कुमार अपने कुछ लोगों के साथ मनीष चौधरी के कैंप कार्यालय पहुंचे और अपनी समस्या से अवगत कराया।
संजय कुमार के अनुसार उनकी कारोबारी पहचान गांव बड़कली में आर्यन रसायन नाम से फर्टिलाइजर इकाई चलाने वाले मोहण सिंह राणा से हो गई थी। कुछ समय पहले मोहण सिंह ने संजय कुमार से मुलाकात कर अपनी जरूरत बताई और उनकी फैक्ट्री से फर्टिलाइजर लैब टेस्टिंग में इस्तेमाल होने वाली डबल ए एस मशीन कुछ समय के लिए ले ली। कारोबारी संबंधों के तहत संजय कुमार ने उन पर विश्वास कर मशीन दे दी, जिसकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
संजय कुमार का आरोप है कि जब उन्होंने मोहण सिंह से अपनी मशीन वापस मांगी, तो उन्होंने पहले टालमटोल किया और फिर देने से मना कर दिया। विवाद बढ़ने पर इसे सुलझाने के लिए मनीष चौधरी ने मध्यस्थता की, क्योंकि वह भी इसी व्यवसाय से जुड़े हैं।
मनीष चौधरी ने बताया कि दोनों कारोबारी उनके लिए भाई जैसे हैं और उन्होंने आपसी समझौते से विवाद निपटाने का प्रयास किया है। संजय कुमार ने मोहण सिंह पर मशीन हड़पने का आरोप लगाया, जबकि मोहण सिंह ने संजय कुमार पर लाखों रुपये का उधार न चुकाने का आरोप लगाया। इस मामले में दोनों पक्षों से बातचीत की गई है और संजय कुमार को शुक्रवार को बैठक कर समाधान निकालने के लिए बुलाया गया है।
मनीष चौधरी ने कहा कि कारोबारी संबंधों में धोखाधड़ी करना ठीक नहीं है। वह सत्यता की जांच कर रहे हैं और पीड़ित को न्याय दिलाने का पूरा प्रयास करेंगे। यदि समझौता नहीं होता है, तो वे इस मामले को लेकर उच्चाधिकारियों तक भी जाएंगे। उनका प्रयास है कि दोनों कारोबारियों के बीच संबंध बने रहें और विवाद का सकारात्मक समाधान निकले। इस मौके पर संजय कुमार के पार्टनर मनीष कुमार भी मौजूद रहे।















