छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बड़ा ट्रेन हादसा: कोरबा पैसेंजर और मालगाड़ी की आमने-सामने टक्कर, कई लोगों की मौत

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में मंगलवार शाम एक भीषण रेल हादसा हुआ, जिसमें कोरबा पैसेंजर ट्रेन और मालगाड़ी के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई। यह हादसा बिलासपुर रेलवे स्टेशन के करीब लाल खदान के पास हुआ, जहां दोनों ट्रेनें गलती से एक ही ट्रैक पर आ गईं। हादसे की तीव्रता इतनी अधिक थी कि पैसेंजर ट्रेन के कई डिब्बे पटरी से उतर गए और एक डिब्बा तो मालगाड़ी के ऊपर चढ़ गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार इस दुर्घटना में कम से कम 6 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही रेलवे प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए। एंबुलेंस की मदद से घायलों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है। मौके पर अफरा-तफरी का माहौल है और स्थानीय लोग भी राहत कार्य में सहयोग कर रहे हैं। हादसे के कारण बिलासपुर-कोरबा रेल मार्ग पर ट्रेनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है।

हालांकि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि यह दुर्घटना सिग्नलिंग सिस्टम की गलती से हुई या मानवीय त्रुटि से। रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच कर रहे हैं। हादसे के बाद के वीडियो और तस्वीरों में देखा जा सकता है कि पैसेंजर ट्रेन के डिब्बे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं। इस भीषण टक्कर ने यात्रियों और स्थानीय लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। रेलवे ने मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने और हादसे की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts