मुंबई के धारावी क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर अचानक लगी भीषण आग ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। यह आग सायन–माहिम लिंक रोड के पास स्थित झुग्गी बस्तियों में लगी, जहां बड़ी संख्या में लोग रहते हैं। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। मौके पर धुआं का बड़ा गुबार उठता दिखाई दिया, जिससे आसपास के इलाकों और सड़कों पर आवाजाही भी प्रभावित हुई।
दमकल विभाग के अधिकारियों के अनुसार आग तेजी से फैलती चली गई, क्योंकि झुग्गियों में लकड़ी, प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील सामग्री अधिक थी। आग पर काबू पाने के लिए अतिरिक्त जवानों को तैनात किया गया है। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी हैं। फिलहाल किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन कई झोपड़ियां जलकर खाक हो गई हैं। स्थानीय निवासियों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है और पुलिस ने पूरे इलाके को घेराबंदी कर लिया है ताकि भीड़ नियंत्रण में रहे और राहत कार्य में बाधा न आए।
इस आग का सबसे बड़ा असर मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली लोकल ट्रेन सेवाओं पर पड़ा। वेस्टर्न रेलवे की माहिम और बांद्रा के बीच की लाइनें धुएं और सुरक्षा कारणों से प्रभावित हुईं। कई ट्रेनों को धीमी गति से चलाया गया, जबकि कुछ सेवाएं अस्थायी रूप से रोकी गईं। इससे ऑफिस जाने वाले यात्रियों और आम लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि स्थिति नियंत्रण में आने के बाद ही ट्रैक पर सामान्य संचालन शुरू किया जाएगा।घटना के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है, लेकिन प्राथमिक जांच में शार्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। फिलहाल दमकल दल स्थिति को पूरी तरह नियंत्रित करने की कोशिश कर रहा है।















