डीएस पब्लिक स्कूल में सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा कार्यक्रम, विद्यार्थियों ने ली यातायात नियमों के पालन की शपथ

मुज़फ्फरनगर।डीएस पब्लिक स्कूल, मुज़फ्फरनगर में जिला अधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा के निर्देशन में सड़क सुरक्षा–जीवन रक्षा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक यातायात अतुल कुमार चौबे, एआरटीओ प्रशासन अजय कुमार मिश्रा और एआरटीओ प्रवर्तन सुशील कुमार मिश्र के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्राधिकारी यातायात मुज़फ्फरनगर रविंद्र प्रताप सिंह ने विद्यार्थियों को यातायात नियमों के महत्व से अवगत कराते हुए उन्हें नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर बाल कल्याण समिति सदस्य डॉ. राजीव कुमार और ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर पुष्पेंद्र कुमार ने भी विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लापरवाही, नियमों की अनदेखी और बिना लाइसेंस वाहन चलाने के कारण सड़क हादसों की संख्या बढ़ रही है, इसलिए नियमों का पालन हर नागरिक की जिम्मेदारी है।

स्कूल प्रधानाचार्य गगन शर्मा ने मुख्य अतिथि और अन्य विशिष्ट अतिथियों का स्वागत बुके और पटका पहनाकर किया। विद्यालय की ओर से मुख्य अतिथियों को बैज लगाकर भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन स्कूल कोऑर्डिनेटर संदीप दीक्षित द्वारा किया गया, जिन्होंने सभी अतिथियों का विद्यालय में सड़क सुरक्षा कार्यक्रम आयोजित कराने के लिए धन्यवाद प्रकट किया।ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर पुष्पेंद्र कुमार ने छात्रों को समझाया कि बिना वैध ड्राइविंग लाइसेंस वाहन नहीं चलाना चाहिए। दोपहिया वाहन पर हेलमेट तथा चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग अनिवार्य है। उन्होंने वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने और नशे की हालत में वाहन न चलाने पर विशेष जोर दिया।

डॉ. राजीव कुमार ने विद्यार्थियों से यातायात चिन्हों और नियमों से संबंधित प्रश्न पूछे और सही उत्तर देने वाले विद्यार्थियों को ट्रैफिक पुलिस की ओर से प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। पुरस्कार पाने वाले विद्यार्थियों में अंश पाराशर, वंशपाल लतानिया, आयुष, देव राठी, अयान अंसारी, सानवी शर्मा, जसप्रीत, मुस्कान और उन्नति चौधरी शामिल रहे।कार्यक्रम के अंत में क्षेत्राधिकारी यातायात रविंद्र प्रताप सिंह ने सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों को यातायात नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई। सभागार में मौजूद सभी छात्रों और शिक्षकों ने भी नियमों का पालन करने और सड़क हादसों में घायल व्यक्तियों की सहायता करने का संकल्प दोहराया।कार्यक्रम के सफल आयोजन और सहयोग के लिए प्रधानाचार्य गगन शर्मा, कोऑर्डिनेटर संदीप दीक्षित, शिक्षक रजनीश शर्मा और शंकर प्रजापति को यातायात पुलिस द्वारा प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts