मुज़फ्फरनगर। एसडीएम खतौली मोनालिसा जौहरी, जो अपनी तेजतर्रार कार्यशैली के लिए जानी जाती हैं, ने खतौली क्षेत्र में वर्षों से लंबित भूमि विवादों को सूझबूझ से निपटाकर अपनी निष्पक्षता का परिचय दिया है। एसडीएम लगातार सरकारी भूमि से अवैध कब्जे हटवा रही हैं। आज थाना दिवस पर उन्हें शिकायत प्राप्त हुई कि ग्राम गालिबपुर में खसरा संख्या-1011 क्षेत्रफल 0.0220 हेक्टेयर, खसरा संख्या-1009 रकबा 0.020 हेक्टेयर तथा खसरा संख्या-1000 रकबा 0.020 हेक्टेयर, जो राजस्व अभिलेखों में नाली व चकमार्ग के नाम दर्ज हैं, पर कुछ ग्रामीणों ने अवैध रूप से गन्ने और गेहूं की फसल बो दी थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम ने जांच कराई, जिसमें आरोप सही पाए गए।
एसडीएम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए क्षेत्रीय लेखपाल अनिरुद्ध, सुधीश, अनंत शर्मा और राजस्व निरीक्षक को भेजकर ट्रैक्टर से जमीन को जुतवाया और चकरोड व नाली को कब्जामुक्त कराया। मौके पर बोई गई गेहूं की फसल को भी लेखपालों की मदद से कटवाया गया। स्थानीय ग्रामीणों ने राहत की सांस लेते हुए एसडीएम का आभार जताया और कहा कि अवैध कब्जे के कारण उन्हें अपने खेतों तक आने-जाने में काफी परेशानी होती थी। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने पहली बार ऐसी अधिकारी देखी है जो किसानों की समस्याओं को तुरंत सुनती हैं और तत्काल समाधान कराती हैं।
एसडीएम मोनालिसा जौहरी ने स्पष्ट किया कि सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और यदि कोई ऐसा करता है तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।















