‘रामायणम्’ की रिलीज डेट पर महादशा!

रणबीर कपूर, साई पल्‍लवी और यश की ‘रामायणम्’ का जब से ट्रेलर रिलीज हुआ, फिल्‍म लगातार चर्चा में है। कुछ तारीफ, लेकिन ढेर सारी आलोचनाओं का सामना कर रही इस फिल्‍म के रिलीज डेट का भी ऐलान हो गया है। नमित मल्‍होत्रा के बैनर तले और नितेश तिवारी के डायरेक्‍शन में बनी ‘रामायणम् पार्ट 1’ इस साल दिवाली से 2 दिन पहले 06 नवंबर 2026 को रिलीज होगी। हालांकि, ऐसा लग रहा है कि इसकी रिलीज डेट पर भी ‘महादशा’ है! क्‍योंकि ₹4000 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्‍म की बॉक्‍स ऑफिस पर टक्‍कर हॉलीवुड की ₹28 हजार करोड़ी फ्रेंचाइज ‘गॉडजिला’ की नई फिल्‍म ‘गॉडजिला माइनस जीरो’ से है। यानी विदेशों में प्रीमियम IMAX स्‍क्रीन्‍स के लिए दोनों फिल्‍मों के बीच खूब रस्‍साकसी होने वाली है, जिसका सीधा असर कमाई पर पड़ेगा।नमित मल्‍होत्रा की ‘रामायणम्’ दो पार्ट में बन रही है। बुधवार को सोनी पिक्चर्स ने अपने आधिकारिक X हैंडल पर जानकारी दी कि ‘रामायणम् पार्ट 1’ शुक्रवार 6 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसका मतलब है कि दिवाली से दो दिन पहले। जबकि यह बात पहले ही घोष‍ित है कि इसका दूसरा भाग यानी ‘रामायणम् पार्ट 2’ अगले साल 2027 की दिवाली के आसपास सिनेमाघरों में आएगी।

6 नवंबर 2026 को ही रिलीज होगी ‘गॉडजिला माइनस जीरो’

मजेदार बात यह है कि अब दिवाली 2026 के मौके पर बॉक्स ऑफिस पर देवताओं और राक्षसों के बीच एक बड़ी टक्कर देखने को मिलेगी। ‘रामायणम्‘ की सीधी टक्‍कर ताकाशी यामाजाकी की ‘गॉडजिला माइनस जीरो’ से है, जो पहले ही 6 नवंबर 2026 को दुनिया भर में रिलीज का ऐलान कर चुकी है। नमित मल्‍होत्रा जहां अपनी पौराणिक गाथा पर बनी फिल्‍म को दुनियाभर में अध‍िक से अध‍िक स्‍क्रीन पर रिलीज करने की तैयारी कर रहे हैं, वहीं अब जापान की मशहूर मॉन्स्टर फ्रैंचाइज से असली मुकाबला IMAX स्क्रीन्‍स और दूसरे प्रीमियम फॉर्मेट को लेकर होगा।

धनतेरस, दिवाली, गोवर्धन पूजा, भाई दूज और छठ: ‘रामायणम्’ को मिलेगा फायदा

इसमें कोई दोराय नहीं है कि भारतीय सिनेमाघरों में ‘रामायणम्’ को लेकर दर्शकों का रुझान अध‍िक रहने वाला है। खासकर त्‍योहार के मौसम में। यह धनतेरस के दिन रिलीज हो रही है और इसे त्‍योहार की लंबी छुट्टियों का फायदा मिलेगा। शुक्रवार 6 नवंबर को धनतेरस के बाद 8 नवंबर को दिवाली और फिर आगे गोवर्धन पूजा और 11 नवंबर को भाई दूज के साथ छठ महापर्व तक, ‘रामायणम्’ के पास बॉक्‍स ऑफिस पर भरदम कमाई का मौका है। बशर्ते यह फिल्‍म दर्शकों को पसंद आए। नम‍ित मल्‍होत्रा की VFX कंपनी DNEG के 8 ऑस्‍कर वाले रिकॉर्ड को देखते हुए इतना तो तय है कि बड़े पर्दे पर पौराण‍िक महाकाव्‍य एक ग्रैंड विजुअल एक्‍सपीरियंस देगा। लेकिन असल चिंता ₹4000 करोड़ का बजट और कमाई है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts