राज किसान पोर्टल पर निकाली गई राज्य स्तरीय कृषक उपहार योजना की लॉटरी,

जयपुर के पंत कृषि भवन में शासन सचिव कृषि एवं उद्यानिकी राजन विशाल की अध्यक्षता में कृषक उपहार योजना के अंतर्गत कृषि विपणन विभाग द्वारा राज्य स्तरीय ऑन-लाईन लॉटरी निकाली गई। यह लॉटरी राज किसान पोर्टल के माध्यम से आयोजित की गई।

इस लॉटरी में कोटा कृषि उपज मंडी के कृषक गोलू को प्रथम पुरस्कार के रूप में 2 लाख 50 हजार रुपये, हनुमानगढ़ मंडी के कृषक ओम प्रकाश को द्वितीय पुरस्कार के रूप में 1 लाख 50 हजार रुपये और कोटा मंडी के कृषक रामभरोस को तृतीय पुरस्कार के रूप में 1 लाख रुपये की राशि प्रदान की गई।

इस योजना के तहत विजेताओं को पुरस्कार राशि संबंधित मंडी समिति के माध्यम से दी जाती है, जिसकी पुनर्भरण राशि राजस्थान राज्य कृषि विपणन बोर्ड द्वारा दी जाती है।

कृषक उपहार योजना का उद्देश्य किसानों को ई-नाम के जरिए कृषि उपज विक्रय करने और ई-पेमेंट के माध्यम से भुगतान प्राप्त करने के लिए प्रेरित करना है ताकि उन्हें अपनी उपज का अधिकतम लाभ मिल सके।

इस योजना के अंतर्गत मंडी स्तर पर हर छह माह में गेट पास और ई-पेमेंट विक्रय पर्चियों के आधार पर प्रथम पुरस्कार 25 हजार, द्वितीय 15 हजार और तृतीय पुरस्कार 10 हजार रुपये दिए जाते हैं। खंड स्तर पर भी छह माह में क्रमशः 50 हजार, 30 हजार और 20 हजार रुपये के पुरस्कार प्रदान किए जाते हैं। राज्य स्तर पर वर्ष में एक बार बड़े पुरस्कारों का वितरण किया जाता है।

इस अवसर पर कृषि विपणन विभाग के निदेशक राजेश कुमार चौहान, अतिरिक्त निदेशक रविंद्र कुमार शर्मा, योजना प्रभारी प्रमोद कुमार सत्या सहित विभाग के कई अधिकारी उपस्थित रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts