मुज़फ्फरनगर के डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के फैन्थम हॉल में अधिष्ठापित आधुनिक लिफ्ट का शुभारंभ एनएचएआई के चेयरमैन संतोष कुमार यादव (आईएएस) द्वारा किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जनपद न्यायाधीश बीरेन्द्र कुमार सिंह, मंडलायुक्त सहारनपुर डॉ. रूपेश कुमार (आईएएस) तथा जिलाधिकारी उमेश मिश्रा (आईएएस) मौजूद रहे। नवस्थापित यह लिफ्ट अधिवक्ताओं, वरिष्ठजनों और दिव्यांगजनों की सुविधा को ध्यान में रखकर तैयार की गई है, जिससे न्यायालय परिसर में आने-जाने में उन्हें आसानी होगी।
शुभारंभ के अवसर पर मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ठा. कंवरपाल सिंह और महासचिव चन्द्रवीर निर्वाल ने बुकें व प्रतीक चिन्ह भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान वरिष्ठ अधिवक्ताओं और कार्यकारिणी सदस्यों ने भी अतिथियों का गर्मजोशी से अभिनंदन किया। महासचिव चन्द्रवीर निर्वाल ने बताया कि यह लिफ्ट पूर्व अध्यक्ष प्रमोद त्यागी, पूर्व महासचिव सुरेंद्र मलिक तथा उनके प्रयासों से संभव हो सकी है। उन्होंने कहा कि एनएचएआई के चेयरमैन से मुलाकात कर लिफ्ट की मांग रखी गई थी, जिसे सकारात्मक रूप से स्वीकार करते हुए निर्माण कार्य पूरा कराया गया।
जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने कहा कि उन्हें एनएचएआई चेयरमैन से हमेशा बेहतर मार्गदर्शन मिला है। उन्होंने बताया कि समस्याओं के समाधान में तकनीक का उपयोग कैसे होना चाहिए, यह उन्होंने उन्हीं से सीखा है। वहीं विशिष्ट अतिथि जनपद न्यायाधीश बीरेन्द्र कुमार सिंह ने कहा कि एनएचएआई चेयरमैन जिले के लोगों के दिलों में विशेष स्थान रखते हैं।
मुख्य अतिथि संतोष कुमार यादव ने अपने संबोधन में कहा कि उनका इस जनपद से पुराना आत्मीय लगाव रहा है। उन्होंने बताया कि वहलना चौक पर लगने वाले जाम को दूर करने के लिए 185 करोड़ रुपये की लागत से फ्लाईओवर बनाया जाएगा। इसके अलावा परतापुर से रामपुर तिराहा तक छह लेन सड़क निर्माण की योजना पर तेजी से काम हो रहा है, जिसके तहत मंसूरपुर में बाईपास बनाया जाएगा। उन्होंने टोल प्लाज़ा पर होने वाली भीड़ की समस्या पर कहा कि अब बैरियर स्वतः नहीं गिरेंगे। फास्टैग में बैलेंस कम होने पर 200-300 मीटर पहले लगे कैमरे इसकी सूचना टोल को दे देंगे। उन्होंने यह भी बताया कि जल्द ही शहरों के कचरे का उपयोग सड़क निर्माण में किया जाएगा। शहरी इलाकों में सड़क विस्तार की सीमाओं को देखते हुए भविष्य में शहरों में रोप-वे निर्माण की योजना पर भी जोर दिया जा रहा है।
कार्यक्रम के अंत में डिस्ट्रिक्ट बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ठा. कंवरपाल सिंह ने कहा कि लिफ्ट के निर्माण से अधिवक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी और सभी अधिवक्ता एनएचएआई चेयरमैन के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। कार्यक्रम में रौनक अली जैदी, नसीर हैदर जैदी, चन्द्रमणि शर्मा, प्रमोद त्यागी, अनिल जिंदल, सुरेंद्र मलिक, कर्नल सुधीर कुमार, प्रवीण गुड्डू, नीरज गौतम, हैदर मेहदी, गौरव चौधरी, उदयवीर पोरिया, नेत्रपाल, निश्चल त्यागी, शिखा कौशिक, अरुण जावला, राहुल चौधरी, मेहतसिब सन्नी सहित अनेक अधिवक्ता उपस्थित रहे।















