मुजफ्फरनगर में न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, डॉ. अजय कुमार के निर्देशन में न्यू होराइजन स्कूल में विधिक साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अपर जनपद न्यायाधीश रीतिश सचदेवा ने की।
इस दौरान विद्यार्थियों को उनके कानूनी अधिकारों एवं कर्तव्यों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। छात्राओं को विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा उपलब्ध सुविधाओं, लोक अदालतों के माध्यम से विवादों के समाधान, तथा मिशन शक्ति के तहत हेल्पलाइन नंबर्स (112, 1090, 1098, 1076, 1930) के बारे में जागरूक किया गया।
पैरा लीगल वॉलंटियर गौरव मालिक ने साइबर क्राइम से बचाव के उपाय बताए और साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया समझाई। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय प्रधानाचार्य श्रीमती मीनाक्षी मित्तल ने अतिथियों को प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया और विद्यालय प्रबंधक तन्मय ने इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रमों के नियमित आयोजन की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण एवं पैरालीगल वालंटियर धनीराम सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।















