मुज़फ्फरनगर। जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना खालापार पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। ऑपरेशन सवेरा के अंतर्गत पुलिस ने बरेली निवासी दो शातिर मादक पदार्थ तस्करों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों के पास से 152 ग्राम स्मैक, दो मोबाइल फोन और एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में जब्त की गई स्मैक की कीमत एक करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान कफील उर्फ कामरान और मेहरबान के रूप में हुई है, जिनका पुराना आपराधिक इतिहास रहा है। दोनों लंबे समय से मादक पदार्थों की तस्करी कर ऊंचे दामों पर बिक्री कर रहे थे।पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी स्मैक को छोटे-छोटे हिस्सों में बेचकर युवाओं को नशे की गिरफ्त में फंसाते थे। इस तरीके से ये लोग समाज के लिए गंभीर खतरा बन चुके थे। दोनों तस्कर नशे का कारोबार कर न केवल भारी मुनाफा कमा रहे थे, बल्कि युवाओं का भविष्य भी बर्बाद कर रहे थे। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इनकी गिरफ्तारी से नशे का अवैध कारोबार करने वाले गिरोह को करारा झटका लगा है।एसपी सिटी सत्यनारायण प्रजापत ने प्रेस वार्ता कर पूरी जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। एसपी सिटी ने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के खिलाफ पुलिस की मुहिम लगातार जारी रहेगी। इस तरह की कार्रवाई का उद्देश्य नशे के कारोबारियों के नेटवर्क को ध्वस्त करना और समाज को नशे की बुराई से बचाना है।प्रजापत ने क्षेत्रवासियों से अपील करते हुए कहा कि नशा न केवल व्यक्ति की जिंदगी को तबाह करता है, बल्कि पूरे परिवार को बर्बाद कर देता है। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि यदि कोई भी व्यक्ति नशे के व्यापार में शामिल है या उसकी गतिविधियों की जानकारी मिलती है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान को पूरी तरह गोपनीय रखेगी।पुलिस की इस कार्रवाई को क्षेत्र में नशे के खिलाफ एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। गौरतलब है कि इससे पहले भी जिले में मादक पदार्थों की तस्करी को लेकर कई बार पुलिस ने सफलता हासिल की है और दर्जनों तस्कर पकड़े गए हैं। बावजूद इसके, नशे का जाल लगातार फैलता जा रहा है, जिस पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने अभियान को और तेज कर दिया है। खालापार पुलिस की इस ताजा कार्रवाई से निश्चित रूप से नशे के कारोबार में शामिल अन्य तस्करों के हौसले पस्त होंगे और क्षेत्र में नशे के खिलाफ चल रही लड़ाई को नई मजबूती मिलेगी।















