सिरोही जिले के रेवदर ब्लॉक के मगरीवाडा गांव में 12 फरवरी 2025 को स्वास्थ्य विभाग और पुलिस ने एक झोलाछाप डॉक्टर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। यह कार्रवाई सीएमएचओ डॉ. दिनेश खराड़ी के नेतृत्व में की गई, जिसमें डिप्टी सीएमएचओ डॉ. एसपी शर्मा, आरसीएचओ डॉ. रितेश सांखला, बीसीएमओ डॉ. लोंग मोहम्मद, और सीएचसी रेवदर के इंचार्ज डॉ. मुकेश मीणा भी शामिल थे। मंडार थाने के हेड कांस्टेबल श्री कांतिलाल की टीम ने पुलिस का सहयोग किया।
सीएमएचओ डॉ. खराड़ी ने बताया कि मगरीवाडा गांव में लक्षमण नामक व्यक्ति के क्लिनिक का निरीक्षण किया गया, जहां उसे कोई मेडिकल डिग्री नहीं दिखा पाया और उसने खुद को फिजियोथेरेपिस्ट बताया। जब उससे पूछा गया कि वह फिजियोथेरेपिस्ट होते हुए इलाज कैसे कर रहा था, तो वह कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे पाया। मौके पर एक महिला को ड्रिप चढ़ाई जा रही थी, और एक सौ साल का बुजुर्ग भी इलाज के लिए बैठा था। सभी मरीजों को तुरंत सरकारी अस्पताल भेजा गया।

इस क्लिनिक से बड़ी मात्रा में एलोपैथिक दवाइयां और लैब जांच के उपकरण बरामद किए गए, जिन्हें जब्त कर लिया गया। पुलिस और स्वास्थ्य विभाग द्वारा झोलाछाप डॉक्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू की गई है।















