मुजफ्फरनगर में कांवड़ यात्रा 2025 को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह तैयार है। इसी क्रम में जिलाधिकारी उमेश मिश्रा और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने खतौली क्षेत्र स्थित गंगनहर पटरी कांवड़ मार्ग का संयुक्त निरीक्षण किया। इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य शिवभक्तों की सुरक्षा, सुविधाएं और सुगम आवाजाही की व्यवस्था का गहन मूल्यांकन करना था।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पेयजल, शौचालय, चिकित्सा सेवा जैसी मूलभूत सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया और संबंधित विभागों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए। खासतौर पर शिवभक्तों की सुविधा और आपातकालीन स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने को लेकर गंभीरता दिखाई गई।अधिकारियों ने थानाक्षेत्र खतौली के अंतर्गत गंगनहर पर बने प्रमुख स्नानघाटों का भी दौरा किया। वहां घाटों की साफ-सफाई, सुरक्षा उपाय, बैरिकेडिंग, गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए की गई व्यवस्थाएं, गोताखोरों की तैनाती और चेतावनी संकेत चिन्हों की स्थिति की जांच की गई। रेस्क्यू टीमों की तैयारी का भी मुआयना किया गया।इस निरीक्षण के दौरान अधिकारीगण घाटों पर तैनात रेस्क्यू बोट में बैठकर जलस्तर, सुरक्षा प्रबंधों और आपदा प्रबंधन व्यवस्था का भी आकलन किया। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त सुरक्षा बलों की तैनाती के निर्देश दिए गए ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।निरीक्षण के समय क्षेत्राधिकारी खतौली रामआशीष यादव, थानाध्यक्ष खतौली बृजेश कुमार शर्मा सहित पुलिस और प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। प्रशासन की इस सक्रियता से यह स्पष्ट है कि इस वर्ष की कांवड़ यात्रा को पूरी सुरक्षा और सुविधा के साथ संपन्न कराने का संकल्प लिया गया है।















