कांवड़ियों के लिए स्वास्थ्य विभाग की विशेष तैयारी, 43 शिविर और 66 एम्बुलेंस मुस्तैद

मुजफ्फरनगर। श्रावण मास के पवित्र कांवड़ यात्रा पर्व को लेकर जनपद का स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह से तैयार है। यात्रा में भाग लेने वाले कांवड़ियों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए जनपद में व्यापक इंतजाम किए गए हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सुनील कुमार तेवतिया ने जानकारी देते हुए बताया कि जिले में 43 स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर स्थापित किए गए हैं। साथ ही जिला चिकित्सालय में विशेष रूप से एक वार्ड और 20 बेड कांवड़ियों के लिए आरक्षित किए गए हैं।मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जनपद के समस्त सामुदायिक एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर 24 घंटे चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।

यात्रा मार्ग पर विशेष निगरानी रखते हुए जिला मुख्यालय, सीएचसी, पीएचसी और अन्य संवेदनशील स्थलों पर 108 एंबुलेंस सेवा की 33 एंबुलेंस, 9 ALS एम्बुलेंस और आकस्मिक स्थिति के लिए 102 सेवा की 24 एम्बुलेंस सहित कुल 66 एम्बुलेंस तैनात की गई हैं।इस बार स्वास्थ्य विभाग ने एक और नवाचार किया है। यात्रा मार्ग पर QR कोड युक्त बैनर लगाए गए हैं, जिनको स्कैन कर कांवड़ यात्री गूगल मैप पर अपने निकटतम स्वास्थ्य शिविर की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। इससे आपात स्थिति में शीघ्र उपचार मिल सकेगा।कांवड़ियों के लिए मोटरसाइकिल के माध्यम से भी त्वरित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे ट्रैफिक में भी मेडिकल टीम शीघ्र पहुंच सके। इसके अलावा सभी शिविरों और स्वास्थ्य केंद्रों पर सर्पदंश और कुत्ते के काटने की स्थिति में एंटी स्नेक वेनम और एंटी रैबीज इंजेक्शन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।मुख्य चिकित्सा अधिकारी स्वयं भी शिविरों का निरीक्षण कर रहे हैं। उन्होंने आज कुछ कांवड़ियों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना और जिन्हें स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं थीं, उन्हें परामर्श भी दिया। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान कोई भी यात्री बिना चिकित्सा सुविधा के न रहे, इसके लिए विभाग पूरी तरह से सजग और तत्पर है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts