सिरोही के अरविंद पवेलियन खेल मैदान पर खंडेलवाल (वैश्य) नवपरगना समाज की ओर से पांच दिवसीय खंडेलवाल प्रीमियर लीग (केपीएल) क्रिकेट टूर्नामेंट 17 मई से आयोजित किया जाएगा। इस आयोजन का उद्देश्य समाज की युवा खेल प्रतिभाओं को उचित मंच और प्रोत्साहन देना है। प्रतियोगिता में देशभर के प्रवासी खिलाड़ियों का शानदार खेल प्रदर्शन देखने को मिलेगा।
आयोजन समिति के सदस्य लोकेश खंडेलवाल ने जानकारी दी कि यह सामाजिक क्रिकेट टूर्नामेंट प्रतिवर्ष समाज के वार्षिक मेले के अवसर पर आयोजित किया जाता है, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन हिस्सा लेते हैं। इस बार टूर्नामेंट का यह दसवां संस्करण होगा। आयोजन स्थल पर पहली बार संध्याकालीन मैचों के साथ रात 10 बजे तक मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।
इस प्रतियोगिता में चेन्नई, बेंगलुरु, पुणे, मुंबई, सूरत, अहमदाबाद व मारवाड़ क्षेत्र की टीमों के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। कुल 10 टीमें 18 मैचों में भाग लेंगी। पिच निर्माण, आउटफील्ड की तैयारी, मिट्टी की प्रेसिंग, रोलिंग और पानी के छिड़काव जैसे कार्य जोरों पर चल रहे हैं। संपूर्ण आयोजन समाज के भामाशाहों के सहयोग से किया जा रहा है।
प्रतियोगिता का शुभारंभ 17 मई को प्रातः 7 बजे होगा। फाइनल मैच के बाद विजेता टीम को 55 हजार रुपये और ट्रॉफी, उपविजेता को 41 हजार रुपये और ट्रॉफी दी जाएगी। इसके अलावा ‘मैन ऑफ द सीरीज’ को 21 हजार रुपये और ट्रॉफी सहित अन्य श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को भी पुरस्कृत किया जाएगा।
खेलप्रेमियों में केपीएल टूर्नामेंट को लेकर हर बार की तरह इस बार भी भारी उत्साह है। सभी मैच यूट्यूब पर लाइव प्रसारित किए जाएंगे। केपीएल कमेटी के सदस्य तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।
इन टीमों की रहेगी भागीदारी:
सनराइज हैदराबाद
राजस्थान सुपरजेंट्स
कर्नाटक रॉयल चैलेंजर
मारवाड़ टाइटंस
स्पार्टन
चेन्नई सुपर किंग
साउथर्न स्टार
आमची मुंबई
पुणे वॉरियर्स
मुंबई इलेवन ए
ड्रॉ प्रक्रिया के माध्यम से सभी टीमों के मुकाबलों का शेड्यूल तैयार कर लिया गया है।















