खैरथल थाना पुलिस ने ज्वेलर्स के साथ हुई लूट का पर्दाफाश करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया। आरोपियों के कब्जे से 1,02,000 रुपये और 300.09 ग्राम सोने की बालियां बरामद की गई, साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और देसी पिस्तौल भी जप्त की गई। इस मामले में तिजारा थाने का हिस्ट्रीशीटर बलजीतपुर भी शामिल था, जो पहले भी हत्या, हत्या के प्रयास, लूट और डकैती के मामलों में नामजद रहा है। पुलिस ने बताया कि 11 दिसंबर को खैरथल रेलवे स्टेशन के पास सोने के व्यापारी नवीन खंडेलवाल से अज्ञात आरोपियों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद आरोपियों ने मोटरसाइकिल से फरार हो गए।

नवीन खंडेलवाल की शिकायत पर जीआरपी अलवर को रिपोर्ट भेजी गई और इसके बाद खैरथल थाना में मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने लगातार 4-5 स्थानों पर सीसीटीवी फुटेज खंगालने के बाद आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में बलजीत सिंह, धर्मेंद्र, अनिल कुमार, अजय और नितिन शामिल हैं। इनकी गिरफ्तारी के बाद पुलिस टीम के सदस्यों ने सटीक कार्रवाई कर मामले का खुलासा किया।















