आम आदमी पार्टी की ओर से शनिवार को दिल्ली के कांस्टीट्यूशन ब्लब में आयोजित नेशनल टाउनहॉल अगेंस्ट ई-20 को देश भर से जबरदस्त समर्थन मिला. इस दौरान अरविंद केजरीवाल ने देशवासियों की तरफ से मोदी सरकार के सामने तीन मांगें रखी. पहला, पेट्रोल पंप पर ई-20 और शुद्ध पेट्रोल का विकल्प होना चाहिए. दूसरा, शुद्ध पेट्रोल से ई-20 सस्ता होना चाहिए और तीसरा, पेट्रोल का दाम 84 रुपए प्रति लीटर से कम होना चाहिए.अरविंद केजरीवाल ने कहा कि ट्रम्प को खुश करने के लिए हमारे देश के लोगों पर ज़बरदस्ती इथेनॉल थोपा जा रहा है. अमेरिका इथेनॉल का उत्पादन करने वाला दुनिया का सबसे बड़ा देश है. पिछले साल भारत ने अमेरिका से 1 बिलियन लीटर इथेनॉल आयात किया था. इस साल ई-20 लागू होने के बाद, भारत पिछले साल की तुलना में अमेरिका से 5 गुना अधिक इथेनॉल इंपोर्ट करेगा.
7 लाख से ज्यादा लोग अपना समर्थन दे रहे
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 7 लाख से ज्यादा लोग इस मुद्दे पर अपना समर्थन प्रकट करने के लिए जुड़े हैं. मुझे पूरा यकीन है कि केंद्र सरकार भी यह कार्यक्रम देख रही होगी. जब भी इनके मंत्री आते हैं, तब कहते हैं कि ई-20 सेफ है, ई-20 से कोई प्रॉब्लम नहीं है और ई-20 के खिलाफ आवाज उठाने वाले एंटी-नेशनल हैं. मैं उनसे कहना चाहता हूं कि आज हमने इतनी सारी टेस्टिमनीज उनके सामने रखीं और इतने सबूत रखे.लोकल सर्कल्स नाम की एक संस्था ने देशभर में गाड़ियां इस्तेमाल करने वाले 45 हजार लोगों का सर्वे किया. उसमें पता चला कि 67 फीसद लोगों की माइलेज कम हो गई और 45 फीसद लोगों के इंजन खराब हो गए. आज इतने लोगों ने अपनी व्यथा रखी, क्या ये सारे झूठे हैं और यह सारा गलत है? फिर भी इनके मंत्री आकर कहते हैं कि ई20 ठीक है.
अगर ई-20 पर सरकार की कोई रिपोर्ट है तो…
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि सरकार जवाब में कोई रिपोर्ट, कोई वैज्ञानिक स्टडी या कोई इंजीनियरिंग की बात तो रखे, लेकिन वे कुछ नहीं रखेंगे. वे कहते हैं कि उन्होंने स्टडी करा ली है. अगर स्टडी करा ली है तो उसकी कोई रिपोर्ट तो होगी, वे उस रिपोर्ट को दिखाएं. हम भी पढ़े-लिखे हैं और उनसे ज्यादा ही पढ़े-लिखे हैं. उनकी डिग्री तो नकली है, लेकिन हमारी डिग्री असली है.
डीजल में भी मिलावट करने की योजना-केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने आगे कहा कि सरकार कह रही है कि ई-25, ई-30 या ई-40 अभी नहीं ला रहे, अभी स्टडी चल रही है. वे बस यह देख रहे हैं कि यह मुद्दा कितने दिन में ठंडा पड़ता है. जैसे ही मुद्दा शांत होगा वे ई-25, ई-30 और ई-40 ले आएंगे. वे कोई स्टडी नहीं कर रहे, गुंडागर्दी कर रहे हैं और देश के साथ जबरदस्ती कर रखी है. इसलिए मेरी अपील है कि पेट्रोल और डीजल की गाड़ियां खरीदना बंद कर दो. जैसे ई-10 वाली गाड़ियों में धक्का करके ई-20 ले आए और गाड़ियां खराब हो गईं. अगले साल ई-10 वाली गाड़ी में ई-25, ई-30 और ई-40 ले आएंगे और भट्ठा बैठ जाएगा.अभी ई-20 वाली गाड़ियां मार्केट में मिल रही हैं, कल उसमें ई-30 आ गया तो वो भी खराब हो जाएंगी. पहले सरकार को ई-100 ले आने दो, उसके बाद गाड़ी खरीदना. खरीदनी हो तो इलेक्ट्रिकल व्हीकल खरीदना, डीजल वाली भी मत खरीदना, क्योंकि ये लोग डीजल में भी मिलावट करने की प्लानिंग कर रहे हैं. जब तक भारत के अंदर ई-100 की गाड़ी बनना शुरू न हो जाए, कोई गाड़ी मत खरीदना. ये धोखा दे रहे हैं, ई-10 की गाड़ी में ई-20 डालेंगे, ई-20 की गाड़ी में ई-50 डालेंगे, 50 की गाड़ी में ई-100 डालेंगे. इन्होंने धक्का कर रखा है.
पूरा देश ई-20 से परेशान है- केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इथेनॉल पेट्रोल से महंगा है. सारे टैक्स हटा दें तो पेट्रोल 50 रुपए और एथेनॉल 70 रुपए पड़ता है. कैलोरीफिक वैल्यू कम होने के कारण एथेनॉल की माइलेज भी कम है. सरकार कह रही थी कि एथेनॉल से फॉरेन एक्सचेंज बचती है, लेकिन कई कैलकुलेशन से साफ हो गया है कि इससे कोई फॉरेन एक्सचेंज नहीं बचती. एथेनॉल से किसान को भी कोई फायदा नहीं हो रहा है, बल्कि जहां इसके प्लांट लगे हैं वहां 20-20 किमी तक पानी और जमीन बर्बाद हो गई है, जिससे किसान दुखी है. अगर एथेनॉल से कोई फायदा नहीं है तो मोदी जी इसे पूरे देश में जबरदस्ती क्यों थोप रहे हैं?
लोग वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालें-केजरीवाल
अरविंद केजरीवाल ने कहा कि इन्होंने मुझे जेल में डाला. अगर मैंने कुछ गलत काम किया होता और मेरे मन में कन्विक्शन का डर होता, तो मैं भी भाजपा या एनडीए में चला जाता और उनसे दोस्ती कर लेता. मुझे पता था कि आज नहीं तो कल, न्याय तो मिलेगा ही. मैं जेल चला गया और अब मेरे मन से भी जेल का डर निकल गया है. मैं छह महीने रहकर आया हूं, छह साल भी रह लूंगा.उन्होंने कहा कि जिस दिन जनता के मन से जेल और डंडे का डर खत्म हो जाता है, उस दिन जनता की जीत हो जाती है. कुछ लोग डरे हुए हैं, उन्हें वीडियो डालने में भी डर लगता है. एक बार मन से डर निकाल दो और सभी लोग वीडियो डालना चालू कर दो. देखते हैं मोदी जी कितने लोगों को जेल भेजेंगे. मोदी जी की ईडी, सीबीआई, पुलिस, इनकम टैक्स और सारी एजेंसियां छोटी पड़ जाएंगी.























































