केसी त्यागी का JDU के राष्ट्रीय प्रवक्ता पद से इस्तीफा, राजीव रंजन प्रसाद बने नए प्रवक्ता

जनता दल यूनाइटेड (JDU) के वरिष्ठ नेता केसी त्यागी ने कल रविवार को पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता पद से इस्तीफा दे दिया. पार्टी ने उनकी जगह राजीव रंजन प्रसाद को राष्ट्रीय प्रवक्ता पद की जिम्मेदारी भी सौंप दी. त्यागी को हटाए जाने को लेकर पार्टी की ओर से कहा गया कि निजी कारणों से त्यागी ने पद से इस्तीफा दिया है, जबकि सियासी गलियारों में यह कयास है कि पार्टी नेतृत्व की ओर से उन्हें जानबूझकर पद से हटाया गया.

किशन चंद त्यागी यानी केसी त्यागी पश्चिमी उत्तर प्रदेश से नाता रखते हैं और अब तक नीतीश कुमार की पार्टी जनता दल यूनाइटेड का मजबूती के साथ पक्ष रखा करते थे. साल की शुरुआत में और लोकसभा चुनाव से पहले बिहार की सियासत में बड़ा बदलाव हुआ. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राष्ट्रीय जनता दल की अगुवाई वाले महागठबंधन का साथ छोड़ दिया और फिर भारतीय जनता पार्टी के नेतृत्व वाले एनडीए के साथ आ गए. बदले सियासी माहौल में नीतीश कुमार ने जनवरी में रिकॉर्ड नौंवीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली.

त्यागी के बयानों से संबंधों पर असर

बुजुर्ग नेता त्यागी को नीतीश कुमार के बेहद भरोसेमंद लोगों में गिना जाता है. जब पिछली बार बिहार में सरकार में बदलाव हुआ था, तब भी वो नीतीश के समर्थन में थे. हालांकि पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता पद से अचानक छुट्टी को लेकर कहा जा रहा है कि हाल के कुछ मुद्दों पर केसी त्यागी की ओर से दिए गए बयान पार्टी नेतृत्व को पसंद नहीं आया. त्यागी ने केंद्र सरकार की नौकरियों में लैटरल इंट्री, अग्निवीर योजना, समान नागरिक संहिता, वक्फ बोर्ड से जुड़े मामलों, जातिगत जनगणना, अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति में सब कैटेगराइजेशन समेत कई अन्य मामलों को लेकर ऐसा बयान दिया था, जिससे सरकार को असहज स्थिति का सामना करना पड़ा था.

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts