मुज़फ्फरनगर में कैंडल मार्च से लौट रहे सपा जिला अध्यक्ष जिया चौधरी पर हमला, करणी सेना नेता हिरासत में

मुज़फ्फरनगर शहर के महावीर चौक पर  राजनीतिक तनाव बढ़ गया जब कैंडल मार्च से लौट रहे समाजवादी पार्टी के जिला अध्यक्ष जिया चौधरी पर करणी सेना भारत के प्रदेश सचिव गौरव चौहान ने अचानक हमला कर दिया।घटना के दौरान मौके पर मौजूद सिविल लाइन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए हमलावर गौरव चौहान को तुरंत हिरासत में ले लिया, जिससे स्थिति को और बिगड़ने से रोक लिया गया।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमले के समय सपा कार्यकर्ता जिया चौधरी के साथ मौजूद थे, जिन्होंने तुरंत उनका बचाव किया।

बताया जा रहा है कि जिया चौधरी द्वारा हाल ही में दिए गए संगीत सोम से जुड़े बयान के बाद से माहौल पहले ही तनावपूर्ण बना हुआ था, और उसी पृष्ठभूमि में यह घटना सामने आई। हमले की खबर फैलते ही इलाके में राजनीतिक हलचल तेज हो गई और अतिरिक्त पुलिस बल भी सतर्क कर दिया गया।इससे पहले समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने कनाडा में दो भारतीयों की हत्या और बांग्लादेश में हिंदू अल्पसंख्यकों के साथ हो रहे कथित धार्मिक भेदभाव व उत्पीड़न के विरोध में सपा कार्यालय से महावीर चौक तक कैंडल मार्च निकाला था। मार्च के दौरान कार्यकर्ताओं ने मृतकों को श्रद्धांजलि दी और मोदी सरकार से दोनों देशों को कड़ा संदेश देने की मांग की। सपा नेताओं का कहना था कि विदेशों में भारतीयों की सुरक्षा सुनिश्चित करना केंद्र सरकार की जिम्मेदारी है।पूर्व मंत्री महेश बंसल, सपा नेता सरदार सतनाम सिंह हंसपाल, सोमपाल सिंह कोरी और साजिद हसन ने आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी की विदेश नीति कमजोर साबित हो रही है। उनका कहना था कि कनाडा और बांग्लादेश में भारतीयों व अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हो रही घटनाएं इसी का परिणाम हैं। नेताओं ने मांग की कि सरकार उद्योगपतियों के हितों से ऊपर उठकर विदेशों में रह रहे भारतीयों की सुरक्षा और देश के सख्त इरादों का स्पष्ट संदेश दे।कैंडल मार्च में सपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य तहसीन मंसूरी, मुलायम सिंह यूथ ब्रिगेड के राष्ट्रीय सचिव फहीम अहमद, शमशेर मलिक, पूजा अंबेडकर, सुमित पंवार बारी, यशपाल सिंह चौधरी, तरुण सौदे एडवोकेट, शहजाद चीकू, हसीब राणा, नदीम खान, लोकेंद्र कुमार, सरदार तरनजीत सिंह सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल रहे। घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए निगरानी बढ़ा दी गई है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts