मुजफ्फरनगर। सीबीएसई बोर्ड फेज-2 परीक्षा परिणाम में शानदार प्रदर्शन कर अखिल भारतीय स्तर पर तीसरी रैंक तथा मुजफ्फरनगर जनपद में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले सुजड़ू निवासी मेधावी छात्र कामरान अहमद को जिलाधिकारी उमेश मिश्रा ने सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। माउंट लिट्रा ज़ी स्कूल के छात्र कामरान ने अपनी मेहनत, अनुशासन और लगन के बल पर यह उपलब्धि हासिल कर जिले का नाम राष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है। उनकी सफलता पर जिले में खुशी का माहौल है और विभिन्न सामाजिक, शैक्षिक तथा प्रशासनिक संगठनों की ओर से लगातार बधाइयां दी जा रही हैं।
जिलाधिकारी कार्यालय में हुई मुलाकात के दौरान उमेश मिश्रा ने कामरान अहमद की उपलब्धि की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षा व्यक्ति के जीवन की सबसे बड़ी ताकत होती है और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को अपनी सफलता को समाज तथा राष्ट्र के विकास से जोड़ते हुए आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कामरान को बड़े लक्ष्य निर्धारित करने, निरंतर अध्ययन करने और कठिन परिश्रम के माध्यम से नई ऊंचाइयों को छूने के लिए प्रेरित किया। जिलाधिकारी ने कहा कि ऐसे मेधावी छात्र जिले की पहचान होते हैं और उनकी सफलता अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनती है।
कामरान अहमद ने अपनी इस सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और विद्यालय के सहयोग को दिया। उन्होंने कहा कि नियमित अध्ययन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के कारण ही वह यह मुकाम हासिल कर सके। उनकी इस उपलब्धि से न केवल परिवार और विद्यालय में उत्साह का माहौल है, बल्कि पूरे जिले के विद्यार्थियों में भी नई ऊर्जा का संचार हुआ है। कामरान की सफलता यह साबित करती है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो, मेहनत ईमानदारी से की जाए और सही मार्गदर्शन मिले तो छोटे शहरों के विद्यार्थी भी राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बना सकते हैं। यह उपलब्धि मुजफ्फरनगर के लिए गर्व का विषय होने के साथ-साथ युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणादायक उदाहरण भी है।























































