मुजफ्फरनगर। मेरठ जोन के अपर पुलिस महानिदेशक एवं सहारनपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक के निर्देशन में जनपद मुजफ्फरनगर पुलिस द्वारा लगातार संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुजफ्फरनगर संजय कुमार वर्मा के पर्यवेक्षण, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आदित्य बंसल, क्षेत्राधिकारी भोपा देववृत्त वाजपेई तथा थानाध्यक्ष ककरौली जोगिन्द्र सिंह के कुशल नेतृत्व में थाना ककरौली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है।थाना ककरौली पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि कुछ संदिग्ध व्यक्ति हिंदू वेश-भूषा धारण कर क्षेत्र में घूम रहे हैं और उनकी गतिविधियां सामान्य नहीं लग रही हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थाना ककरौली पुलिस ने तत्काल संज्ञान लिया और बिना समय गंवाए सक्रियता दिखाते हुए इलाके में सघन चेकिंग अभियान शुरू किया। पुलिस द्वारा विभिन्न संभावित स्थानों पर दबिश दी गई और संदिग्धों की तलाश तेज कर दी गई।
त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने छह अभियुक्तों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक पूछताछ में अभियुक्तों की गतिविधियों को संदिग्ध पाया गया, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर आगे की जांच शुरू की गई। पुलिस द्वारा की गई इस कार्रवाई से क्षेत्र में सनसनी फैल गई, वहीं स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। पुलिस का मानना है कि समय रहते कार्रवाई न की जाती तो कोई बड़ी घटना घटित हो सकती थी।पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार इसी गिरोह से जुड़े एक अन्य अभियुक्त अहसान पुत्र शकील, निवासी ग्राम जौला थाना बुढाना जनपद मुजफ्फरनगर को पूर्व में दिनांक 04 फरवरी 2026 को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ के आधार पर पुलिस को कई अहम जानकारियां मिलने की संभावना है, जिससे इस पूरे नेटवर्क का खुलासा हो सकता है।
थाना ककरौली पुलिस द्वारा अभियुक्तों की गिरफ्तारी एवं बरामदगी के संबंध में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि अभियुक्त किसी संगठित गिरोह से जुड़े हुए हैं या किसी विशेष उद्देश्य से वेश बदलकर क्षेत्र में घूम रहे थे। इस बात की भी पड़ताल की जा रही है कि इनके तार किसी अन्य जिले या राज्य से तो नहीं जुड़े हैं।वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने थाना ककरौली पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है और स्पष्ट किया है कि जनपद में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे। पुलिस ने आमजन से भी अपील की है कि यदि किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि नजर आए तो तुरंत पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई की जा सके। इस सफल कार्रवाई से एक बार फिर मुजफ्फरनगर पुलिस की सतर्कता और तत्परता सामने आई है।
















