अलवर में ज्वैलर्स शॉप लूटकांड का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार; दो फरार की तलाश तेज

अलवर में तिजारा रोड स्थित राधा ज्वेलर्स पर हुई बड़ी लूट वारदात का पुलिस ने 5 दिन बाद खुलासा कर दिया है। ज्वैलर की दुकान में घुसकर 38 लाख रुपए के जेवर लूटने वाले तीन बदमाशों में से एक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को जिला अस्पताल में मेडिकल के लिए लाया गया, जहां उसे कार से उतारकर पुलिसकर्मी अंदर ले गए। पकड़े गए आरोपी से लूटी गई ज्वैलरी का कुछ हिस्सा भी बरामद किया गया है। एसपी के अनुसार तीनों आरोपी हरियाणा के झज्जर क्षेत्र के रहने वाले हैं और वारदात को अंजाम देने के बाद वहीं भाग निकले थे। दो बदमाश अभी फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए टीम लगातार दबिश दे रही है।

घटना 22 नवंबर दोपहर करीब 3 बजे की है, जब तीन बदमाश एक बाइक पर सवार होकर राधा ज्वेलर्स पहुंचे। एक बदमाश ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि दो ने चेहरों को ढका हुआ था। दुकान में घुसते ही एक आरोपी ने मालिक मोहनलाल के गले पर दराती रखकर उन्हें धमकाया। दूसरा बदमाश तिजोरी की ओर बढ़ा और बैग में सोना-चांदी के जेवर भरने लगा। तीसरा आरोपी बाहर कट्टा लेकर पहरा देता रहा, लेकिन कुछ देर बाद वह भी अंदर आया और सोनी से मारपीट की। मात्र एक मिनट में बदमाश लूट को अंजाम देकर चिकानी रोड की तरफ फरार हो गए।

वारदात के बाद से ही सर्राफा व्यापारी आक्रोशित थे। लगातार पांच दिनों से बाजार में तनाव बना हुआ था और व्यापारियों ने बदमाशों की जल्द गिरफ्तारी नहीं होने पर अलवर बंद की चेतावनी दे दी थी। एक दिन दो घंटे बाजार भी बंद रखा गया। अब एक आरोपी की गिरफ्तारी से मामले में बड़ी प्रगति हुई है, लेकिन दो अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी तक व्यापारी वर्ग की चिंता बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि टीम हर संभव प्रयास कर रही है और जल्द ही बाकी आरोपी भी सलाखों के पीछे होंगे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts