बॉलीवुड एक्ट्रेस जान्हवी कपूर का जानवरों के प्रति प्यार किसी से छिपा नहीं है। जब उन्हें यह पता चला कि मोरक्को में 2030 फुटबॉल वर्ल्ड कप की तैयारियों के तहत 30 लाख आवारा कुत्तों को मारे जाने की योजना है, तो उनका दिल भी दहल गया। CNN स्पोर्ट्स की रिपोर्ट के अनुसार, मोरक्को, स्पेन और पुर्तगाल मिलकर इस वर्ल्ड कप का आयोजन करेंगे, और इसके लिए मोरक्को की सड़कों को ‘डॉग्स फ्री’ करने की कोशिश की जा रही है। इस अमानवीय फैसले का दुनियाभर में विरोध हो रहा है। जान्हवी कपूर ने भी अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर कड़ी प्रतिक्रिया दी और लिखा, “ये सच नहीं हो सकता…सफाई के नाम पर हत्या? अपराधी।” उन्होंने कुत्तों के पुनर्वास जैसे विकल्पों की वकालत की। जान्हवी फिलहाल अपनी आने वाली फिल्म ‘परम सुंदरी’ को लेकर भी चर्चाओं में हैं, जिसमें वे सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ नजर आएंगी। फिल्म 29 अगस्त को रिलीज हो रही है।















