पंजाब बाढ़ पीड़ितों की मदद को आगे आई जमीयत उलमा-ए-हिंद मुजफ्फरनगर इकाई

मुजफ्फरनगर। जमीयत उलमा-ए-हिंद की जिला इकाई मुजफ्फरनगर ने पंजाब में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों की मदद के लिए बड़ी पहल की है। संगठन ने एक लाख रुपये की राहत सामग्री और अन्य सहायता पहुँचाने का ऐलान किया है। इस मौके पर जिला अध्यक्ष मौलाना मुकर्रम अली क़ासमी ने प्रेस बयान जारी करते हुए कहा कि जमीयत उलमा-ए-हिंद हमेशा से देश के मजलूमों और पीड़ित इंसानों के साथ खड़ी रही है। उन्होंने कहा कि इस वक्त पंजाब में बाढ़ से भारी तबाही मची हुई है, हजारों परिवार बेघर हो गए हैं और बड़ी संख्या में पशुओं की मौत हो चुकी है। ऐसे हालात में खाद्य सामग्री, कपड़े और अन्य आवश्यक वस्तुओं की भारी कमी है। इसलिए यह सबकी जिम्मेदारी है कि इंसानियत के नाते बाढ़ पीड़ितों की हर संभव मदद की जाए।

मौलाना मुकर्रम अली क़ासमी ने जानकारी दी कि जिला जमीयत की ओर से राहत सामग्री एकत्रित करने का काम शुरू कर दिया गया है। इसमें आटा, चावल, दाल, अनाज, पीने का पानी, दवाइयाँ, कपड़े और अन्य जरूरी सामान शामिल है। उन्होंने बताया कि राहत सामग्री को जल्द ही पंजाब के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों तक पहुँचाया जाएगा। साथ ही उन्होंने सभी जिम्मेदारों, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी क्षमता के अनुसार इस मुहिम में हिस्सा लें और राहत सामग्री व आर्थिक सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि “आज पंजाब के बाढ़ पीड़ित हमारे भाई-बहन बेहद परेशान हैं। इंसानियत का तक़ाज़ा है कि हम उनके दर्द को अपना दर्द समझें और उनकी मदद करें।”

उन्होंने आगे कहा कि इस तरह की इंसानी मदद से समाज में भाईचारे और हमदर्दी की मिसाल कायम होती है और यही जमीयत उलमा-ए-हिंद का मकसद भी है। उन्हें उम्मीद है कि मुजफ्फरनगर के लोग हमेशा की तरह इस नेक काम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेंगे और पंजाब के पीड़ितों तक राहत पहुँचाने में अहम भूमिका निभाएंगे। इस मौके पर जमीयत उलमा-ए-हिंद के पदाधिकारियों ने भारत सरकार से भी अपील की कि वह राहत और बचाव कार्य को और तेज करे, ताकि प्रभावित परिवारों को जल्द से जल्द सहायता मिल सके। इस दौरान जिला महासचिव मौलाना अब्दुल खालिक क़ासमी, वरिष्ठ जिला उपाध्यक्ष व मीडिया प्रभारी मौ0 आसिफ कुरैशी और मौलाना सुहैल अख्तर रहीमी भी मौजूद रहे।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts