भाकियू ने बढ़ाया पंजाब के किसानों की मदद को हाथ

मुजफ्फरनगर। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने एक बार फिर किसान हित और भाईचारे की मिसाल पेश की है। संगठन की ओर से पंजाब के किसानों के लिए बड़े स्तर पर मदद भेजी गई है। मंगलवार को भाकियू प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने पुरकाजी क्षेत्र से एक प्रतिनिधिमंडल को रवाना किया। इस प्रतिनिधिमंडल के साथ 100 कुंतल गेहूं, 20 कुंतल चावल, 10 कुंतल दाल और एक लाख रुपये नगद राशि पंजाब के किसानों की मदद के लिए भेजी गई है।

भाकियू प्रवक्ता राकेश टिकैत ने कहा कि किसान चाहे किसी भी राज्य का हो, उसकी पीड़ा और संघर्ष एक जैसे ही होते हैं। यही कारण है कि जब भी किसी प्रदेश के किसान मुश्किल में आते हैं, तो दूसरे राज्य के किसान उनकी मदद के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ खाद्यान्न और आर्थिक सहयोग नहीं है, बल्कि यह किसानों के बीच एकजुटता और विश्वास का प्रतीक भी है। टिकैत ने प्रतिनिधिमंडल को संदेश दिया कि यह मदद पंजाब के किसानों तक समय से पहुंचे और उनका मनोबल बढ़ाए।

प्रतिनिधिमंडल के रवाना होने पर क्षेत्र के किसानों में भी उत्साह देखने को मिला। किसानों का कहना है कि भाकियू ने हमेशा किसानों की आवाज बुलंद की है और आज इस मदद के जरिए एक बार फिर संगठन ने साबित किया है कि वह सिर्फ आंदोलन तक सीमित नहीं है, बल्कि संकट की घड़ी में किसानों के साथ खड़ा भी है। इस मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय किसान मौजूद रहे, जिन्होंने प्रतिनिधिमंडल को शुभकामनाओं के साथ रवाना किया।

भाकियू की इस पहल को लेकर आसपास के क्षेत्रों में भी सकारात्मक संदेश गया है। किसान नेताओं का मानना है कि ऐसी पहलें किसानों के बीच सहयोग की भावना को और मजबूत करेंगी। जहां एक ओर पंजाब के किसान इस समय कठिन परिस्थितियों से जूझ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर मुजफ्फरनगर से मिली यह मदद उनके लिए राहत और हौसला देने का काम करेगी। भाकियू की ओर से भेजा गया यह सहयोग किसानों के बीच एकता का प्रतीक बनकर सामने आया है, जिसने किसान आंदोलन की उस मूल भावना को फिर से जीवित कर दिया है जिसमें सबके लिए न्याय और भाईचारे की बात शामिल है।

लाइव विडियो
विज्ञापन
क्रिकेट स्कोर
राशिफल
DELHI Weather
Recent Posts