मुंबई में हो रही लगातार बारिश का असर पांचवें दिन गुरुवार को झांसी-कानपुर रेलखंड से गुजरने वाली ट्रेनों पर रहा। गुरुवार को कई ट्रेनें घंटों देरी से आई। मुंबई-गोरखपुर एक्सप्रेस नौ घंटे पांच मिनट देरी आई।यह ट्रेन (12598) निर्धारित समय सुबह 8:13 बजे के स्थान पर शाम को 5:18 बजे आई। मुंबई से सीतापुर जाने वाली ट्रेन नंबर 12107 छह घंटा दो मिनट देरी से शाम को पांच बजे आई। पनवेल से गोरखपुर की ओर जाने वाली ट्रेन नंबर 15066 पनवेल एक्सप्रेस सुबह 10:38 बजे के स्थान पर दोपहर के 1:43 बजे तीन घंटा पांच मिनट देरी से आई। प्रतापगढ़ से मुंबई की ओर जाने वाली ट्रेन नंबर 12174 उद्योग नगरी एक्सप्रेस अपने निर्धारित समय से 5:30 घंटा देरी से आई।
मुंबई से गोरखपुर जाने वाली ट्रेन नंबर 22538 कुशीनगर एक्सप्रेस डेढ़ घंटा, वलसाड से कानपुर जाने वाली उद्योगकर्मी एक्सप्रेस भी डेढ़ घंटा देरी से आई। इन ट्रेनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को लगातार परेशानी हो रही है। यात्रियों का कहना है कि मुंबई की बारिश ने समय से आना-जाना पूरी तरह से रोक रखा है। अपने निर्धारित समय से गंतव्य तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। इसकी वजह से परेशानी हो रही है। स्टेशन अधीक्षक एसके खरे का कहना है कि ट्रेन मुंबई की ओर से देरी से आ रही है।















