जयपुर। प्रदेश की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी का जन्मदिन गुरुवार को पूरे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विभिन्न संस्थाओं और संगठनों द्वारा अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिसमें विद्याधर विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश से हजारों लोगों ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।

रक्तदान शिविर और भोजन वितरण
दिया कुमारी के जन्मदिन के अवसर पर समाजसेवी संगठनों द्वारा रक्तदान शिविर आयोजित किए गए। इसके अलावा, किशन बाग बस्ती में जरूरतमंदों को भोजन वितरण भी किया गया।
मोतीडूंगरी गणेश जी और गोविंद देवजी के किए दर्शन
अपने जन्मदिन पर उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने मोतीडूंगरी गणेश मंदिर और गोविंद देवजी मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि की कामना की।
महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि
शहीद दिवस के अवसर पर उन्होंने सचिवालय पहुंचकर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
कुंभ यात्रा बस को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
दिया कुमारी ने सर्वेश्वर मंदिर, बालाजी कॉलेज के सामने, बेनाड़ रोड से कुंभ यात्रा बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मिलेट्स चिक्की और न्यूट्री बार वितरण का शुभारंभ
उपमुख्यमंत्री ने विद्याधर नगर विधानसभा क्षेत्र की चिन्हित आंगनबाड़ियों में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा कुपोषण उन्मूलन के लिए ‘मिलेट्स चिक्की’ और ‘पीनट्स मिलेट्स चिक्की न्यूट्री बार’ वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया।
इस योजना के तहत कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) फंड से स्व-वित्त पोषित पायलट प्रोजेक्ट के रूप में 6 माह से 6 वर्ष तक के बच्चों, गर्भवती और धात्री माताओं को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराया जाएगा। योजना के तहत:
- प्रत्येक लाभार्थी को सप्ताह में तीन दिन (सोमवार, बुधवार, गुरुवार) 20 ग्राम मल्टी मिलेट न्यूट्री बार दिया जाएगा।
- प्रत्येक लाभार्थी को सप्ताह में तीन दिन (मंगलवार, गुरुवार, शनिवार) 30 ग्राम मिल्की मिलेट बार प्रदान किया जाएगा।
- दिया कुमारी के जन्मदिन के अवसर पर आयोजित इन कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में आमजन और विशिष्टजन शामिल हुए।















