नेचुरली प्रेगनेंसी कंसीव करने में प्रॉब्लम आने पर महिलाएं अब IVF की हेल्प लेती हैं. पर इस ट्रीटमेंट को कराने से पहले कुछ महिलाओं को खास ध्यान देने की जरूरत होती है. डॉक्टर से जानें.मां नहीं बन पा रही महिलाओं के लिए आईवीएफ की तकनीक किसी वरदान जैसी है. इसने वर्षों से बच्चे के लिए प्रयास कर रहे कई कपल्स की जिंदगी में खुशियां लाने में मदद की है. वैसे तो आईवीएफ के लिए बहुत ज्यादा शर्तें नहीं होती हैं, लेकिन कुछ मामलों में आईवीएफ कराने से मना किया जाता है. कुछ मेडिकल कंडीशन ऐसी होती हैं, जिनमें अगर आईवीएफ कराना हो, तो बहुत सतर्कता की जरूरत होती है.
आईवीएफ स्पेशलिस्ट डॉ. कृति तिवारी बताती हैं कि इस मामले अगर बात की जाए, तो सबसे पहले आती हैं दिल या फेफड़ों से जुड़ी बीमारियों का सामना कर रही महिलाएं. ऐसी महिलाओं को आईवीएफ की सलाह नहीं दी जाती है. ऐसे मामले में खतरा बढ़ जाता है.
इसके अलावा भी अगर कोई अनकंट्रोल्ड डिसऑर्डर हो, तो भी आईवीएफ की सलाह नहीं दी जाती है. जैसे डायबिटीज या ब्लड प्रेशर अनकंट्रोल्ड हो या थायरॉयड डिसऑर्डर अनकंट्रोल्ड हो, तो आईवीएफ कराने से मना किया जाता है.
इस तरह की स्थिति में पहले डिसऑर्डर को कंट्रोल करने की सलाह दी जाती है. उसके बाद पूरी जांच के बाद आईवीएफ के बारे में सोचा जाता है. ऐसे मामलों में बहुत ज्यादा सतर्कता बरतने की जरूरत होती है.
इसके अलावा अगर किसी महिला को कैंसर हो और रेडियोथेरेपी या कीमोथेरेपी होने वाली हो, तो भी आईवीएफ की सलाह नहीं दी जाती. ऐसे स्थिति में कहा जाता है कि ट्रीटमेंट से पहले फर्टिलिटी प्रिजर्वेशन कराया जाए. ऐसे में सरोगेसी जैसे अन्य विकल्पों के बारे में सोचा जा सकता है.














