मुजफ्फरनगर। शहर के खेल मैदान में ईशा फाउंडेशन द्वारा आयोजित ईशाग्रामोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। समारोह के मुख्य अतिथि पूर्व केंद्रीय मंत्री संजीव बालियान रहे, जबकि विशेष अतिथि के रूप में संजीव राठी (संस्थापक, स्प्रिंग डेल्स पब्लिक स्कूल) और राष्ट्रीय लोकदल के जिला अध्यक्ष संजय राठी मौजूद रहे। इसके अलावा जिला क्रीड़ा अधिकारी भूपेंद्र सिंह यादव, कैप्टन डॉ. प्रवीण चौधरी, इंटर कॉलेज भोकरहेड़ी के प्रधानाचार्य एवं इंटर कॉलेज प्रधानाचार्य समिति के अध्यक्ष, डॉ. राजीव कुमार सहित कई गणमान्य लोगों ने कार्यक्रम में सहभागिता की। अतिथियों ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि ईशा फाउंडेशन की यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों की छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें बेहतर मंच उपलब्ध कराने का महत्वपूर्ण प्रयास है। स्प्रिंग डेल्स पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने स्वागत गीत प्रस्तुत किया, वहीं छात्राओं ने मनमोहक लोकनृत्य से दर्शकों का दिल जीत लिया।
ईशाग्रामोत्सव की शुरुआत ईशा फाउंडेशन के संस्थापक एवं आध्यात्मिक गुरु सद्गुरु जग्गी वासुदेव की प्रेरणा से हुई थी और पिछले 17 वर्षों से दक्षिण भारत के लगभग 250 स्थानों पर इसका सफल आयोजन किया जा रहा है। पहली बार उत्तर भारत के उत्तर प्रदेश, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश में इस आयोजन का विस्तार किया गया है। उत्तर प्रदेश के केवल पांच जिलों को इसके लिए चुना गया, जिनमें मुजफ्फरनगर को भी स्थान मिला। मुजफ्फरनगर क्लस्टर में बिजनौर, शामली और सहारनपुर को शामिल किया गया। इस क्लस्टर में 56 टीमों को स्वीकृति मिली थी, जिनमें से 45 टीमों ने प्रतियोगिता में भाग लिया। खेल प्रतियोगिताओं के साथ रस्साकशी और जूट बैग रेस जैसी मनोरंजक प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। कार्यक्रम के सफल संचालन में ईशा फाउंडेशन के वालंटियर अजय अग्रवाल, दीपक शर्मा, प्रवेंद्र दहिया, विवेक कुमार, विनय गर्ग, फूल कुमार, मुकेश गुप्ता, सुघोष आर्य सहित अन्य स्वयंसेवकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन ने खिलाड़ियों और दर्शकों में खेल भावना और उत्साह का संचार किया।























































